आंध्रा बैंक में चोरी के लिए लगाया गया नकब।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में चोरों ने नजीबाबाद मार्ग स्थित आंध्रा बैंक की शाखा में नकब लगाकर एक फाइल चोरी कर ली जबकि नगदी और अन्य सामान सही सलामत मिला है। एसपी संजीव त्यागी ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस इस घटना में बैंक के किसी व्यक्ति का हाथ होना मान रही है।
नजीबाबाद मार्ग पर आंध्रा बैंक की शाखा है। बैंक की दक्षिण ओर की दीवार में शनिवार की सुबह कुछ लोगों ने नकब लगा देखा। इसकी सूचना बैंक प्रबंधक जटा शंकर झा को दी। बैंक प्रबंधक व पुलिस मौके पर पहुंची।
एसपी संजीव त्यागी, सीओ सिटी अरुण कुमार के साथ बैंक पहुंचे और निरीक्षण किया। बैंक में कैश व अन्य सामान सही सलामत मिला। बैंक से शिकायतों से संबंधित एक फाइल गायब मिली। चोर केवल फाइल ही चोरी करके ले गए।
इस संबंध में शहर कोतवाल रामसेवक के मुताबिक फाइल बैंक से जुड़े किसी व्यक्ति ने चोरी की है। बैंक की ओर से अभी कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। बैंक से कोई पैसा नही गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हैं।
चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में रोष
हीमपुरदीपा में गांव सलेमपुर खादर में शुक्रवार रात चोरों ने किसान ननुवा के खेत से 40 बर्ष पुराने दो खैर के पेड़ काट लिए। इनकी कीमत लगभग पांच लाख है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को लेकर क्षेत्रवासियों मे पुलिस के प्रति रोष व्याप्त है। पिछले दो सप्ताह में हुई चोरियां गांव छाछरी टीप में किसान जयपाल सिंह के यहां से 11000 नगद व एक लाख के आभूषण, इसी गांव के मोनू के यहां से दस हजार नगद एक लाख के आभूषण व गांव उलेढ़ा के दो भाइयों नीरज व राजीव के यहां से नौ हजार व अन्य सामान समेत क्षेत्र के नलकूपों से चोरों ने हाथ साफ किया। अभी तब किसी भी चोरी का खुलासा नहीं हो पाया है ।