नजीबाबाद में बीएसए द्वारा पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रेमपुर और टांडा रतन के प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित करने से शिक्षकों में रोष है। शिक्षकों ने तत्काल निलंबन वापस न लिए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बेसिक शिक्षकों की बैठक जिला पंचायत डाकबंगले पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति व जनजाति जागृति महासंघ के जिला अध्यक्ष रामनाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मोबीन हसन, ब्लॉक अध्यक्ष अमित त्यागी ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय टांडा रतन के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय पाल सिंह और प्रेमपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक नरेश कुमार को अवकाश पर होने के बावजूद नियम विरुद्ध निलंबित किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। शिक्षकों ने आरोप लगाया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक ने लगभग दो वर्ष से अनुपस्थित चल रही विद्यालय की एक सहायक अध्यापिका की शिकायत उच्च अधिकारियों को की थी। जिससे खिन्न होकर बिना स्पष्टीकरण मांगे बीएसए ने निलंबन की कार्रवाई की है। शिक्षक नेेता रामनाथ सिंह, अमित त्यागी, मोबीन हसन ने चेतावनी दी कि यदि तत्काल दोनों प्रभारी प्रधानाध्यापकों का निलंबन वापस नहीं लिया गया तो शिक्षक विरोध आंदोलन शुरू करेंगे। बैठक में वरिष्ठ बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवराज सिंह, मंत्री शैलेंद्र सिंह आदि रहे।