जिला अस्तपाल में विलाप करते मुकेश के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में थाना श्योहारा के गांव राना नगला में 50 हजार के इनामी आदित्य ने पुलिस को मुखबिरी करने के संदेह में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के भागते बदमाशों को पुलिस ने जंगल में घेर लिया। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश अपनी बाइक छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस का दावा है कि बदमाशों की फायरिंग में एसओ और एक दारोगा बाल बाल बच गए। बदमाशों को भी पुलिस की गोली लगी है। उनकी जंगल में तलाश की जा रही है। उधर, युवक की हत्या के बाद परिवारीजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसडीएम से भी उनकी नोकझोंक हुई।
घटना शनिवार शाम की है और मरने वाला युवक मुकेश (40) गांव राना नगला का रहने वाला था। इसी गांव का एक बदमाश आदित्य कुछ दिन पहले मुरादाबाद जेल से पेशी लाए जाने के दौरान अपने एक साथी विशाल की मदद से फरार हो गया था।
फरार होने के बाद आदित्य की दो बार पुलिस के साथ मुठभेड़ हो चुकी है।आदित्य को शक है कि मुकेश पुलिस को उसकी मुखबिरी करता है। पुलिस को उसके बारे में सारी बात मुकेश ही बता रहा है। शनिवार की शाम आदित्य अपने गैंग के साथ अपने गांव राना नगला में पहुंचा और दूध लेकर घर जा रहे मुकेश की गोली मार दी। मुकेश को दो गोली लगी है और गंभीर हालत में बिजनौर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आदित्य शातिर किस्म का अपराधी है व सुपारी किलर है। घटना की सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करके आदित्य की तलाश की। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आदित्य गैंग को जंगल में घेर लिया। पुलिस व गैंग के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों ओर से कई गोलियां चली।
एसओ स्योहारा धर्मपाल सिंह व दरोगा रामवीर सिंह को गोली लगने से बाल-बाल बच गई। घटना के दौरान आदित्य के साथ उसका साथी विशाल व कोतवाली शहर के गांव स्वाहेड़ी निवासी रोहित भी थे। ग्रामीणों का कहना है कि आदित्य ने मुकेश पर गोली चलाई थी। तीनों एक ही बाइक से घटना को अंजाम देने आए थे। पुलिस जंगल में आदित्य की तलाश में जुटी है। एसपी प्रभाकर चौधरी समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंच गए है। जंगल में आदित्य की तलाश में पुलिस की कांबिंग चल रही है। ग्रामवासियों के मुताबिक किसी बदमाश को भी गोली लगने की आशंका है। एसओ स्योहारा धर्मपाल सिंह के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान पुलिस को भी पांच राउंड गोली चलानी पड़ी। पुलिस ने आदित्य की बाइक कब्जे में ले ली है। एसओ ने बताया कि आदित्य ने पुलिस को देखते ही उन पर गोली चला दी थी और गन्ने के खेत में जा छुपा। पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर रखी है। आदित्य व उसके साथियों को जंगल में ढूंढा जा रहा है।