अफजलगढ़ में एक युवक की दिल्ली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को लेकर पंचनामे के लिए भेज दिया है। परिजनों ने बेटे की हत्या की आशंका जताई है।
गांव सुआवाला निवासी फईम (24) पुत्र याकूब दो साल से दिल्ली के जहांगीरपुरी में रहकर सैलून की दुकान पर काम करता था। बड़े भाई पप्पू ने बताया कि ईद से पहले दिल्ली में उसका किसी के साथ झगड़ा हो गया था। पुलिस ने मामले का पटाक्षेप करा दिया था। वह ईद मनाने के लिए भी घर आया था। तीन दिन रुकने के बाद वह दिल्ली चला गया था। भाई पप्पू के मुताबिक मंगलवार की सवेरे दुकान मालिक ने फोन कर फईम की मौत की सूचना दी। उसने बताया कि सोमवार की रात फईम बेसुध हालत में नाले में पड़ा था। उसे नाले से निकालकर वह घर ले आया। घर आने पर उसने कुछ देर बाद ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने फईम की हत्या की आशंका जताई है। दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। उधर अफजलगढ़ पुलिस ने घटना संज्ञान में होने से इंकार किया है।