बिजनौर के मंडावर में चार दिन से लापता एक युवक का शव गांव के ही निकट बाग में संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला है। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक के शव को पेड़ से उतरवाया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मंडावर के गांव ब्रह्मपुरी निवासी वीर सिंह का पुत्र रेशू (20) चार दिन से घर से गायब था। परिजनों ने रेशू की रिश्तेदारी और अन्य स्थानों पर काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार की दोपहर गांव के ही निकट स्थित एक आम के बाग में कुछ मजदूर कीटनाशक का छिड़काव करने गए थे।
उन्हें आम के पेड़ पर एक युवक का लटका हुआ शव देकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस और गांववासियों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त वीर सिंह के पुत्र रेशू के रूप में की। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
रेशू के परिजनों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर ही गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी निरीक्षण अख्तियार अहमद अंसारी ने बताया की परिजन मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। उनकी ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।