भागूवाला में पूर्वी गंगनहर चंदक शाखा पुलिया की दीवार पर चढ़ गई रोडवेज बस।
- फोटो : अमर उजाला
भागूवाला में रूहेलखंड डिपो की रोडवेज बस पूर्वी गंगनहर चंदक शाखा में गिरने से बाल-बाल बच गई। बस में 45 यात्री सवार थे।
रूहेलखंड डिपो की रोडवेज बस यूपी 25बीटी 1903 बरेली से देहरादून जा रही थी। बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे जैसे ही रोडवेज बस भागूवाला क्षेत्र में पूर्वी गंगनहर चंदक शाखा नहर पुलिया के नजदीक पहुंची, तभी एक बाइक सवार द्वारा सड़क क्रॉस करने और अचानक सामने से ट्रक आ जाने से रोडवेज बस अनियंत्रित हो गई। रोडवेज बस हाईवे के दाई ओर बढ़ती हुई नहर पुलिया की दीवार पर चढ़ गई। रोडवेज बस का आधा हिस्सा नहर की ओर लटक गया। रोडवेज बस चालक हरगोविंद ने समय रहते ब्रेक लेकर साहस कर बस को नहर में गिरने से रोक लिया। घटना से जहां बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया, वहीं परिचालक सोहनपाल ने बौखलाए यात्रियों को शांत कर सभी 45 यात्रियों को एक-एक कर बस से नीचे उतरवाया। घटना के बाद काफी देर तक हाईवे पर रुक-रुककर जाम की स्थिति बनती रही। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से बस को नहर की दीवार से उतरवाया। बस क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों को अन्य बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग हुए घायल
कोतवाली देहात में क्षेत्र में अलग-अलग सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। यहां से तीनों की हालत चिंताजनक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया।नगीना क्षेत्र के गांव रामपुर दास निवासी अरविंद कुमार 25 वर्ष पुत्र मुन्ने सिंह और अचिन कुमार 23 वर्ष पुत्र सुरेश कुमार बाइक से गुनियापुर से बुधवार की देर रात अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर गांव सिकंदरपुर के पास पहुंचे तो उनकी बाइक अज्ञात वाहन से टकरा गई। इससे दोनो गंभीर रुप से घायल हो गयें। घटना के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया। उधर, कोतवाली नगीना मार्ग पर गांगन नदी के पास बाइक और पिकप की टक्कर हो गई ।इसमें बाइक सवार नगीना क्षेत्र के गांव जीतपुर पलडी निवासी जुल्लफुकार 30 वर्ष घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुॅची और गाड़ी को कब्जे में ले लिया।