बिजनौर में रेप के बाद गर्भवती हुई किशोरी का आरोपियों ने साथियों के साथ मिलकर गर्भपात कराने का प्रयास किया। गांव वालों के आने पर आरोपी कामयाब नहीं हो पाए तो कुछ दिनों बाद पीड़िता का घर से अपहरण कर लिया। शिकायत करने पर भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़िता के पिता ने एसपी कार्यालय आरोपियों के खिलाफ पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना मंडावली के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पत्र में बताया कि गांव के ही एक युवक ने उसकी नाबालिग बेटी से बलात्कार किया था। उसकी नाबालिग बेटी गर्भवती हो गई। उसके अनुसार चार अगस्त को शाम छह बजे आरोपी अपने पिता व एक साथी के साथ बेटी को उठाकर दूसरे गांव में ले गए और वहां पर उसका गर्भपात कराने की कोशिश की, लेकिन गांव वाले व परिजन उसकी बेटी को वापस ले आए। 24 अगस्त को आरोपी तीन साथियों के साथ घर में घूस आए बेटी को उठाकर ले गए। पुलिस के पास जाने पर भगा दिया। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।
वहीं शिवाला कलां में एक गांव की युवती के परिजन चारा लेने जंगल गए थे। घर में अकेला देख पड़ोसी युवक युवती के साथ दुष्कर्म किया। आहट सुनकर पड़ोसियों को आता देखकर युवक फरार हो गया। युवती ने घर पहुंचे परिजनों को इशारे से आपबीती बताई। परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक नरेंद्र उर्फ नन्हे के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विजेंद्र राणा ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।