नगीना (बिजनौर) में घर से स्कूल के लिए बुधवार को निकली छात्रा की हत्या कर दी गई। हत्यारे उसके शव को पुलिया के पास फेंककर फरार हो गए। शव के पास ही उसकी सहेली बदहवास हालत में पड़ी मिली।
सनसनीखेज वारदात से लोगों का पुलिस-प्रशासन के खिलाफ गुस्सा भड़क गया। मृतका के परिजनों और नागरिकों ने घटना के विरोध में सायंकाल नगीना-कोतवाली हाईवे पर छात्रा का शव रखकर जाम लगा दिया।
प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक भी बाधित करने की कोशिश की। एसपी देहात ने मृतक के परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
मोहल्ला लाल सराय निवासी फखरे आलम की बेटी मुस्कान (17) तथा रमेश की पुत्री सोनम एमएम इंटर कॉलेज में कक्षा सात की छात्रा थीं। दोनों सहेली थीं।
बुधवार को दोनों छात्रा अपने स्कूल में आयोजित सम्मान समारोह में भाग लेने की बात कहकर घर से निकली थीं। दोपहर करीब एक बजे चमरौला और रावलहेड़ी के पास पुलिया के पास मुस्कान अचेत मिली, जबकि सोनम बदहवास अवस्था में मिली। राहगीर दोनों छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर गए, जहां पर चिकित्सकों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। मुस्कान के सिर पर गहरा घाव का निशान था।
छात्रा की मौत से लोगों का आक्रोश भड़क गया। प्रदर्शनकारियों ने सायंकाल करीब 5.30 बजे नगीना कोतवाली मार्ग पर मुस्कान का शव सड़क पर रख जाम लगा दिया।
प्रदर्शनकारी हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक के पास रेल यातायात बाधित करने की कोशिश भी की। हालांकि कामयाबी नहीं मिली। जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रदीप कुमार व सीओ ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं माने।
एसपी देहात डा.धर्मवीर सिंह ने रात करीब 8.15 बजे मौके पर पहुंचकर परिजनों को मामले की जांच सीओ से कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया। उधर, पुलिस मृतका की सहेली सोनम को लेकर थाना नगीना देहात पहुंची। पुलिस के मुताबिक सोनम बहुत डरी हुई दिख रही है। उसके परिजनों को मौके पर बुलाया गया है।