बरखेड़ा में महिला की मौत पर विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के बढ़ापुर के गांव अब्दुल्लापुर कुरैशी उर्फ बरखेड़ा में सोमवार रात परिवार के साथ सो रही एक महिला की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला के भाई ने उसके पति समेत परिवार के पांच लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट लिखाई है। कोतवाल और सीओ नगीना महेश कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
गांव निवासी छत्रपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात लगभग साढ़े तीन बजे वह नींद से जागा तो उसकी पत्नी शशि (32) बिस्तर पर नहीं मिली। जब वह कमरे से बाहर घर के आंगन में आया तो शशि का शव आधा चारपाई पर और आधा फर्श पर पड़ा मिला। महिला के गले पर रस्सी के गहरे निशान मिलने पर अनुमान लगाया गया कि उसकी हत्या रस्सी से गला घोंटकर की गई है। थाना हल्दौर के गांव नवादा निवासी अमर सिंह की पुत्री शशि की 14 वर्ष पूर्व बरखेड़ा निवासी छत्रपाल से शादी हुई थी जिनके तीन बच्चे हैं। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा और सीओ नगीना महेश कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
रिश्तेदारों के साथ थाने पहुंचे शशि के भाई मूला सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन शशि को उसका पति, परिजन दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मूला सिंह की तहरीर पर शशि के पति छत्रपाल, उसके भाई राजपाल, महेंद्र और महेंद्र की पत्नी एवं भतीजे अरविंद के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है।