फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बूचड़खानों पर चला प्रशासन का चाबुक

Wed, 22 Mar 2017 12:08 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बिजनौर
विज्ञापन
नजीबाबाद में गोकशी के आरोपियों के लिए मुनादी कराती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बिजनौर में सूबे में भाजपा की सरकार बनते ही जिले में अवैध रूप से चल रहे बूचड़खानों पर प्रशासन का चाबुक चल पड़ा है। महंत आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनते ही कुछ जगहों पर खुद ही लोगों ने बुचड़खाने बंद कर दिए हैं। सहसपुर की मीट फैक्ट्री व झालू के बूचड़खानों को प्रशासन ने बंद कराकर सील कर दिया है। बूचड़खाना चलाने वालों में खलबली मची है। सूबे में महंत आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद अवैध रूप से बूचड़खाना चलाने वालों में इतना डर है कि उन्होंने प्रशासन की कार्रवाई से पहले ही अपने बूचड़खानों को बंद कर दिया है। दो दिन से किसी भी बूचड़खाने में पशुओं का कटान नहीं हुआ है। 
विज्ञापन

सहसपुर की उमर इंटरनेशनल मीट फैक्ट्री ने भी पिछले दो दिनों से पशुओं का कटान पूरी तरह बंद कर दिया गया। मंगलवार को डीएम जगतराज के निर्देश सहसपुर की मीट फैक्ट्री को सील कर दिया है। डीएम ने एसपी को पत्र लिखकर कहा था कि सहसपुर की मीट फैक्ट्री का लाइसेंस का 2016 तक रिनुवल हुआ है, इसके बाद नहीं होगा है। अफसरों की टीम ने मंगलवार को मीट फैक्ट्री को बंद कराकर उसे सील कर दिया है। कस्बा झालू में 2012 से बंद पड़े बूचड़खाने में चोरी छिपे बूचड़खाने की दीवार को गिराकर पशुओं का कटान किया जा रहा था। मंगलवार को अफसरों का निर्देश मिलने के  बाद नगर पंचायत के स्टाफ ने वरिष्ठ लिपिक अनुज की अगुवाई में पहुंचकर बूचड़खाने को सील कर दिया। बूचड़खाने में लोहे की चेन डाल दी है। कटान करने वालों को हिदायत दी है कि अगर उन्होंने पशुओं का कटान किया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। घरों में कटान करने वाले लोग भी चौकस हो जाएं, पकड़े जाने पर उन्हें भी नहीं छोड़ा जाएगा। डीएम जगतराज के मुताबिक अफसरों जनपद के  बूचड़खानों की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर पालिका व नगर पंचायतों के अफसरों से भी कहा गया है कि कही भी अवैध रूप से बूचड़खाना चलता नहीं मिले, जहां चल रहा हो उसे बंद करा दें।
धामपुर क्षेत्र में एसडीएम सत्येंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर धामपुर, नहटौर, स्योहारा, शेरकोट, सहसपुर में स्थित पशु बूचड़खानों पर छापेमारी हुई। सहसपुर मीट प्लांट सीज किए जाने के अलावा कई बूचड़खाने  बंद मिलेे। एसडीएम ने चेतावनी दी कि  अगर अवैध रूप से पशुओं को कटान किया गया तो उन पर कार्रवाई होगी। 
विज्ञापन

नहटौर , स्योहारा, शेरकोट, अफजलगढ़ में उनके क्षेत्रों के नायब तहसीलदारों ने छापेमारी की। यहां पर भी बूचड़खाने बंद पाए गए। सहसपुर में याकूब इंटरनेशनल मीट प्लांट भी बंद मिला, फिर भी उसे सीज करा दिया गया। यह मीट प्लांट में दिसंबर 2016 से बंद है, फिर भी सीज कर दिया गया है। प्रशासन की कार्रवाई से इन बूचड़खानों से जुडे़ लोगों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम ने बताया कि क्षेत्र के सभी थानों के थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि उनके क्षेत्र में पशुओं का कटान होता पाया गया तो उनके ऊपर कार्रवाई को डीएम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

चांदपुर में एक हिरासत में लिया, चमड़ा बरामद
चांदपुर में पुलिस ने नगर क्षेत्र के बूचड़खानों पर छापामारी की। पुलिस एक को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। मंगलवार को पुलिस टीम ने नगर क्षेत्र के मोहल्ला मुफ्ती सराय, पतियापाड़ा, शाहचंदन आदि में बूचड़खानों पर छापामारी की। पुलिस की छापामारी से इस व्यापार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक को हिरासत में लेकर वहां से पुराना चमड़ा आदि बरामद किया है। पुलिस हिरासत में लिए युवक से पूछताछ कर रही है। हिरासत में लिए युवक की पैरवी में थाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना है कि उनके पास लाइसेंस हैं। कोतवाली निरीक्षक अखिलेश प्रधान ने बताया कि जांच की जा रही है। हिरासत में लिए युवक से पूछताछ की जा रही है। लोगों के पास पुराने लाइसेंस हैं। लाइसेंस देखे जा रहे हैं। छापामारी में पुराना चमड़ा मिला है। वे इसे धीरे-धीरे बेच रहे थे।

गोकशी के आरोपियों के घर कुर्की नोटिस चस्पा
नजीबाबाद में कल्हेड़ी में गोकशी करने वाले आरोपियों के खिलाफ न्यायालय और पुलिस ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पांच महिलाओं सहित नौ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुनादी कराते हुए आरोपियों के घरों पर कुर्की का नोटिस चस्पा कराया। गांव कल्हेड़ी में पुलिस की छापामार कार्रवाई में 16 जनवरी को गोकशी का मामला पकड़ में आया था। पुलिस को चार पशु जिंदा मिले थे, जबकि छह पशु कटे और अधकटे बरामद हुए थे। थाना प्रभारी तेजेंद्र यादव की ओर से धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम, धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम और धारा 420 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। गोकशी के आरोप में पकड़े गए अहसान को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया था। गोकशी के अन्य आरोपी कल्हेड़ी निवासी रुखसाना, गुलशन, तसलीमा, महसर, सुमैरा, शमीम, इकराम, उस्मान व सलीम प्रकरण के बाद से फरार हैं। मामले का निष्पादन न होने की स्थिति में नजीबाबाद न्यायालय द्वारा फरार आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी कर गिरफ्तारी के आदेश दिए गए। विवेचनाधिकारी नांगल थानाध्यक्ष फतेह सिंह ने गोकशी के आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से धारा 82 सीआरपीसी के आदेश प्राप्त कर क्षेत्र में ढोल बजवाकर मुनादी कराई और कुर्की के नोटिस उनके घरों पर चस्पा कराए। पुलिस कार्रवाई से न केवल कल्हेड़ी क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मचा है, बल्कि जगह-जगह मुनादी कराए जाने से गोकशी के धंधे से जुड़े लोगों में अफरातफरी मच गई।

राजस्व टीम को बंद मिले स्लाटर हाउस
नहटौर  में नगर में स्थित दोनों स्लॉटर हाउसों का राजस्व विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्लॉटर हाउस बंद मिले। मोहल्ला ईदगाह व सराय तले वली में स्थित स्लॉटर हाउसों को लोगों की शिकायत पर प्रदूषण विभाग करीब तीन वर्ष पूर्व ही बंद करा चुका है। सरकार के अवैध बूचड़खानों को बंद कराने के आदेश के बाद राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार अजब सिंह, लेखपाल हिमांचल यादव, शिशुपाल सिंह की टीम ने दोनों स्लॉटर हाउसों का निरीक्षण किया ।।नगर में कई मोहल्लों में मीट की दुकानों पर जाकर पुलिस ने दुकानदारों से मीट की दुकानों के लाइसेंस बनवाने के बाद दुुकानों में काले शीशे लगवाने के निर्देश दिए हैं। अवैध रूप से दुकान चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

मीट भी नहीं जाएगा बाहर

बिजनौर में जिले में अब न तो पशुओं का कटान होगा और न ही मीट को वाहनों में लादकर जिले से बाहर भेजा जाएगा। ऐसा करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होती। सर्किल सीओ को इस मामले में जवाबदेही देनी होगी। इस बारे में एसपी ने जिले की पुलिस को निर्देश जारी कर दिए हैं।
जिले में पशुओं का खूब कटान हो रहा था। साथ ही जिले से मीट बाहर भेजा जा रहा था। चोरी छिपे कटान के लिए पशु भी गैर राज्यों से खूब लाए जा रहे थे। सपा सरकार के राज में यह काम खुलेआम चल रहा था। सूबे में भाजपा की सरकार बनते ही इन सब पर अंकुश लगा दिया गया है। एसपी अजय साहनी के मुताबिक जिले में अब पशुओं का कटान नही होने दिया जाएगा, और जिले से मीट भी बाहर सप्लाई नही होगा। जो ऐसा करेगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसा होने पर सर्किल के सीओ को जवाब देना होगा। सीओ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीओ के साथ इलाके के थाना प्रभारी व दरोगा भी नपेंगे। 

फैक्ट्री के मालिक के खिलाफ होगी रिपोर्ट
बिजनौर में एसपी अजय साहनी के मुताबिक सहसपुर की मीट फैक्ट्री बिना रिनुअल के अब तक किसके कहने पर चल रही थी, इसकी जांच शुरू करा दी गई है। अफसरों की टीम जांच पड़ताल में लगी है। जांच होने के बाद इस मामले में फैक्ट्री स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। एसपी ने बताया कि जिले में 15 मीट फैक्ट्री है। इनमें 14 बंद है, केवल सहसपुर की फैक्ट्री ही चल रही थी। इस फैक्ट्री को अफसरों की टीम भेजकर सील करा दिया गया है। जिले में कोई भी मीट फैक्ट्री नही चलने दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें