कासमपुरगढ़ी में बदमाशों ने मंगलवार की रात कासमपुरगढ़ी के एक व्यक्ति के घर धावा बोलकर परिवार के सोते सभी सदस्यों को बंधक बनाकर 15 हजार की नकदी और लाखों की कीमत के सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए।
इस घटना से गांव में दहशत है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट कायम नहीं की है।
गांव के अजीम अहमद ने बताया कि वह दिल्ली में दर्जी है। फिलहाल में वह घर आया हुआ है। मंगलवार रात जब वह परिवार के सदस्यों के साथ कमरे में सो रहा था। इस बीच घर में घुसे बदमाशों ने उनके कमरे की कुंडी को बाहर से बंद कर उन्हें कमरे में बंधक बना दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
चोरों ने उनके कमरे के पास सटे दूसरे कमरे को पूरी तरह से खंगाल डाला। बदमाश घर में रखे 10 तोले के जेवर, 15 हजार की नकदी और कीमती कपड़े समेत लाखों रुपये का सामान लूटकर फरार हो गए। सुबह पड़ोसियों के जागने पर उन्हें बदमाशों के आने की जानकारी हुई। पड़ोसियों ने ही सुबह उनके घर का दरवाजा खोला तो वह बंधनमुक्त हुए। इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस ने उन्हें घटना का पर्दाफाश करने का भरोसा दिया है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
उधर, धामपुर में नूरपुर थाने के गांव मोरना निवासी करन सिंह ने बताया कि वह मंगलवार की शाम साइकिल से घर लौट रहा था। उनके पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने कडुला नदी के पुल के मोड़ पर उसे रोक लिया। उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे तीन सौ रुपये और उसका मोबाइल लूट कर नूरपुर की ओर ही फरार हो गए। उसने फिर वापस आकर नींदडू पुलिस चौकी पर सूचना दी। चौकी प्रभारी मुकेश शुक्ला ने घटना के संज्ञान में होने से इंकार किया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी ।