Jhrkhurani hunting truck driver.
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर में हरिद्वार से आईटीसी कंपनी का परचून का सामान भरकर चले ट्रक को जहरखुरानी गैंग ने लूट लिया। ट्रक का चालक बेहोशी के हालत में चादंपुर-हल्दौर मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा मिला है। पुलिस ट्रक के साथ गैंग की तलाश में जुटी हुई है।
नहटौर थाने के गांव पालीजट निवासी प्रदीप कुमार हरिद्वार की बहादराबाद में स्थित आईटीसी कंपनी में ट्रक चालक है। वह कंपनी से ट्रक में सोमवार की रात परचून का सामान लादकर काशीपुर ले जाने के लिए चला था।
जहरखुरानी गैंग ने माल से भरे ट्रक को लूट लिया। बदमाश चालक को चांदपुर-हल्दौर मार्ग पर सड़क किनारे फेंक कर फरार हो गए। मंगलवार की सुबह चालक प्रदीप कुमार बेहोशी की हालत में लोगों को सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस को सूचना दी गई ।
पुलिस ने मौके पर जाकर चालक प्रदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्रदीप को अभी पूरी तरह होश नहीं आया है। कंपनी के मैनेजर संतोष कुमार के मुताबिक ट्रक को जहरखुरानी गिरोह ने लूटा है।
ट्रक में कंपनी का कीमती माल भरा था। चांदपुर पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। चांदपुर के एसएसआई ए के सिंह के मुताबिक उनके इलाके में प्रदीप बेहोश मिला है।
थोड़ी देर के लिए होश में आने पर प्रदीप ने पुलिस को बताया था कि सोमवार की रात करीब साढ़े दस बजे वह कंपनी से ट्रक लेकर चला था। कोतवाली देहात से डेढ़ किलोमीटर पहले कार में सवार चार बदमाशों ने उसके ट्रक को हाथ देकर रोक लिया व ट्रक के कागज मांगे।
कागज देने के बाद बदमाशों ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। एक बदमाश ट्रक लेकर चल दिया। तीन बदमाशों ने उसे कार में बैठा लिया। बदमाशों ने उसे पानी पिलाया। पानी पीते ही वह बेहोश हो गया। उसे फिर नही पता कि चांदपुर मार्ग पर वह कैसे आया।