मोहल्ला नई बस्ती में घर में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में चोरों ने मंगलवार की रात दो बंद पड़े मकानों को खंगाल डाला। बदमाशों ने हजारों रुपये की नकदी व सामान चोरी कर लिए। पुलिस को मामले की तहरीर दी गई है।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी सुदेश कुमार परिवार के साथ चंडीगढ़ में रहते हैं। उनका मकान विनोद उर्फ पीकू ने किराए पर ले रखा है। विनोद जागरण पार्टी में कलाकार है। मंगलवार रात को विनोद मकान पर ताला लगाकर जागरण पार्टी में शेरकोट गया था। चोरों ने उसके मकान का ताला तोड़कर नकदी व सोने-चांदी के गहने तथा अन्य सामान चोरी कर लिया।
चोरी हुए माल की कीमत करीब डेढ़ लाख बताई जाती है। सुबह घर के ताले टूटे देखकर पड़ोसियों ने विनोद को चोरी के बारे में बताया। वहीं, मोहल्ला कस्साबान निवासी कलीमुद्दीन मंगलवार को घर को ताला लगाकर परिजनों के साथ चांदपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में रखी पांच हजार की नकदी, गैस सिलेंडर, सीडी प्लेयर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।