नजीबाबाद में वन एवं राजस्व विभाग की टीम ने गंगा खादर क्षेत्र में चारागाह एवं वन विभाग की भूमि का सीमांकन कराया। रेंजर ने 29 मई से अभियान चलाकर भूमि को मुक्त कराने की बात कही।
राजगढ़ वन क्षेत्र के अंतर्गत गंगा खादर क्षेत्र में वन व चारागाह की सैकड़ों बीघा भूमि है। इस पर भूमाफिया ने कब्जा कर फसल बो रखी है। पशुपालक विजय सिंह, सुभाषचंद्र, अंकुर सैनी, देवेंद्र सिंह आदि ने शासन से शिकायत की थी। इस पर बरेली व मुरादाबाद जोन वन संरक्षक ने खादर क्षेत्र का मुआयना कर कब्जा हटवाने को कहा।
शुक्रवार को राजगढ़ वन रेंज के रेंजर विजेंद्र मलिक, सर्वेयर रमेशचंद्र, वन दरोगा रमेश सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल प्रमोद कुमार, नांगल थानाध्यक्ष कृष्ण मुरारी की मौजूदगी में खसरा नंबर 254 पर सीमांकन किया गया। रेंजर विजेंद्र सिंह एवं लेखपाल प्रमोद कुमार ने बताया कि खसरा नंबर 254 में 27 हेक्टेयर भूमि है, जो आधी वन विभाग और आधी चारागाह की है।
नगीना प्रतिनिधि के मुताबिक, बढापुर क्षेत्र के गॉव चंपतपुर चकला में तहसील प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने हरविंद सिंह से 15 बीघा भूमि को मुक्त कराकर पट्टेदार को सौंप दिया। तहसीलदार नवनीत गोयल ने बताया कि गांव के ही कारज सिंह पुत्र अनोक सिंह को वर्ष 2013 में श्रेणी 2 खेती की 15 बीघा भूमि का पट्टा हुआ था। तभी से इस पर कब्जा था। कानूनगो राजीव भटनागर ने पट्टेदार को कब्जा दिलाकर भूमि की जुताई करा दी है।