नगीना में ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट का विरोध करने पर बदमाश की गोली लगने से घायल किसान की उपचार के लिए ले जाते समय मौत हो गई। किसान की हत्या के विरोध में गांववालों ने हाईवे 74 पर मंझैड़ा चौकी के पास जाम लगा दिया। सीओ के आश्वासन पर किसानों ने जाम खोला। एसपी ने सीओ को हत्याकांड का खुलासा जल्द करने के निर्देश दिए।
गांव तिगरी मनकावाला निवासी 38 वर्षीय सुशील पुत्र कल्लू सिंह धामपुर मिल से मंगलवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना डालकर घर लौट रहे थे।
साढ़े आठ बजे पांवधोई नदी के पुल के पास पहुंचे तो एक बदमाश ने तमंचे के बल पर ट्रैक्टर-ट्रॉली रोका। बदमाश ने सुशील के पेट में गोली मार दी थी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गया था। सुशील ने घटना के बारे में परिजनों को फोन कर बताया था कि बदमाश से उनकी हाथापाई भी हुई थी।
सूचना पर गांव वाले मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी रात में ही बदमाश को तलाशा। धामपुर से बिजनौर लाते समय सुशील की मौत हो गई थी। घटना से आक्रोशित गांववालों ने नेशनल हाईवे 74 धामपुर नगीना मार्ग पर मंझेड़ा चौकी के पास साढ़े दस बजे जाम लगा दिया।
सीओ सिटी गमलेश्वर विल्टोरिया के आश्वासन पर एक घंटे बाद गांववालों ने जाम खोला। गांववालों के मुताबिक सुशील के सिर पर चोट का निशान था। वहीं सुरक्षा की ऐहतियात से मृतक के गांव में पुलिस बल तैनात किया। मृतक के भाई विनेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।