महिला की मौत पर विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
रेहड़ में गांव नारायनवाला में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर गांव पहुंचे मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के भेज दिया। मृतका के ससुराल वाले घटना के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटना की जांच प्रारंभ कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव नसीरी निवासी महेंद्र सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 जून 2012 को उन्होंने बड़ी बेटी ममता की शादी गांव नारायनवाला निवासी चंद्रपाल पुत्र हरपाल से की थी। विवाहिता का पति शराब का आदी था। हालांकि विवाह से पहले आरोपियों ने यह बात छुपाकर रखी। शादी के कुछ समय बाद पति ने उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। कई बार उसे दहेज में 50 हजार रुपये लाने के लिए मायके भेजा।
मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने उसे घर से निकाल दिया। मायके वाले लड़की को समझाबुझाकर फिर ससुराल भेज दिया। शुक्रवार की सुबह उसका शव का कमरे में फांसी के फंदे लटका मिला। उसका गला दुपट्टे से बांधा गया था। पड़ोसियों ने उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मायके में दी।
आरोपी उसके अंतिम संस्कार की फिराक में लगे थे। घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के हंगामे के बाद आरोपी ससुराल के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पति सहित तीन के खिलाफ मिली तहरीर पर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। उधर, कार्यवाहक प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि तहरीर मिल गई है। जांच कर आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी होगी।