बिजनौर में स्योहारा पुलिस ने एनआईए डीएसपी तंजील अहमद और उनकी पत्नी फरजाना की हत्या के आरोप में जेल में बंद मुनीर के सहयोगी चार आरोपियों के विरुद्ध सीजेएम न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीजेएम अपर्णा पांडे ने चार्जशीट पर संज्ञान लेते हुए 21 जुलाई की तिथि सुनवाई के लिए तय की है।
एनआईए अफसर तंजील अहमद और उनकी पत्नी फरजाना की अप्रैल में हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में बदमाश मुनीर का नाम सामने आया था। पुलिस जांच में मुनीर के सहयोगियों के रूप में कस्बा सहसपुर निवासी रैय्यान, जैनी, रिजवान और तंजीम के नाम भी सामने आए थे। इन चारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
रैय्यान घटना के दौरान मुनीर की बाइक चला रहा था। रास्ते में तंजील अहमद की कार को रोक कर मुनीर ने पिस्टल व रिवाल्वर से उन पर गोलियां बरसाई थीं। घटना को अंजाम देने के बाद मुनीर अपनी बाइक जैनी के पास छोड़ गया था। इसके अलावा रिजवान व तंजीम को घटना के बारे में सब कुछ मालूम था। रैय्यान व जैनी के पकड़े जाने पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच पाई थी। जांच में यह बात भी सामने आई थी कि धामपुर में पीएनबी की कैश वैन से 91 लाख की लूट में मुनीर के पीछे पड़ी पुलिस के मामले में तंजील का हाथ है। रैय्यान इस बात को मुनीर के साथ साझा किया था। स्योहारा पुलिस ने मुनीर को छोड़कर उसके चारों साथियों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। एसओ स्योहारा राजकुमार शर्मा ने चारों के खिलाफ धारा 120बी, 302 व धारा 34 में चार्जशीट दाखिल करने की पुष्टि की है।