नहटौर में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के मामले में पुलिस ने नगर पालिका के बाबू को फरार घोषित कर दिया है। पुलिस ने उसके घर पर नोटिस चस्पा किया है। साथ ही आरोपी बाबू की तलाश की जा रही है।
मोहल्ला लकड़रहान निवासी सईद अहमद ने सीजेएम कोर्ट के माध्यम से अपने भाई इरशाद अहमद भतीजे जावेद अहमद और नगर पालिका के बाबू नसीम कुरैशी के खिलाफ अपने पिता जमीर अहमद का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा कायम कराया था। दोनों भाईयों के बीच जमीनी विवाद होने पर मामला अदालत में चला गया। आरोप है कि इरशाद अहमद ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाकर अदालत में पेश कर दिया। जांच के बाद अपर जिला रजिस्टार ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र को निरस्त करने के नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को आदेश जारी कर दिए।
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस ने इरशाद अहमद और उसके पुत्र जावेद को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। इस मामले में आरोपी बना पालिका का बाबू नसीम कुरैशी गायब हो गया था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने आरोपी बाबू नसीम कुरैशी के खिलाफ धारा 82 की कार्रवाई करते हुए उसके घर पर फरारी का नोटिस चस्पा किया है। उधर, पालिका बाबू नसीम कुरैशी का कहना है कि वह निर्दोष है। उसे गलत फंसाया गया है।