स्योहारा में परिवार के डर से एक सास ने बुधवार की रात अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए सास के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव बुढानंगला पूरनपुर में मंगलवार की रात सास-बहू में झगड़ा हो गया। ग्रामवासियों के अनुसार सास-बहू में आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा होता रहता था। मंगलवार की रात झगड़े के बाद बहू ने जहर खा लिया। परिजनों ने हालत बिगड़ने पर आनन-फानन में बहू का उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
बुधवार की रात जब पूरा परिवार अस्पताल में था और सास घर पर अकेली थी। ग्रामवासियों के अनुसार सास ने परिजनों के डर के कारण खुद के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। सास के चीखने की आवाज सुनकर ग्रामवासियों ने मकान का दरवाजा तोड़कर देखा तो सास आग से बुरी तरह झुलस चुकी थी। ग्रामवासियों ने मामले की सूचना परिवार को दी। परिवार जब तक घर पहुंचा, सास की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बृहस्पतिवार अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षण धर्मपाल सिंह ने मामले से अभिज्ञता जताई है।