धामपुर में लापता युवती का शव गांव के एक पेड़ से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने कोई कार्रवाई न करने के बयान पर पुलिस ने शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है। आशंका जताई जा रही है कि युवती ने किसी बात से गुस्सा होकर फांसी लगाकर जान दे दी।
थाना क्षेत्र निवासी एक युवती 20 जनवरी को घर से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद जब युवती का कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बेटी की बरामदगी की मांग की थी। सोमवार सवेरे जब ग्रामीण खेतों पर गन्ने की छिलाई करने के लिए जा रहे थे तो उन्हें पेड़ पर युवती का लटका शव दिखाई दिया। शिनाख्त करने पर पता लगा की युवती गांव की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर कब्जे में ले लिया। परिजनों की गुहार के बाद पुलिस ने शव को प्रार्थना पत्र पर परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। उधर, कोतवाल मुनीष चंद शर्मा का कहना है कि परिजनों के प्रार्थना पत्र पर शव को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। परिजन मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।