चोरी के बाद खुली पड़ी अलमारी और बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में चोरों ने मंगलवार को दिनदहाड़े गीता नगरी में वरिष्ठ आर्य समाजी व पत्रकार जयनारायण अरुण के मकान के गेट के कुंडे तोड़कर लाखों का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने बड़े आराम से पूरे घर को खंगाला। चोरी गए सामान की लिस्ट नहीं बन पाई है।
शहर की पॉश कॉलोनी गीता नगरी में शिव मंदिर के पास आर्य समाजी नेता जयनारायण अरुण का घर है। उनके बेटे कपिल अरुण दिल्ली में रहते हैं। तीन दिन से जयनारायण भी दिल्ली गए थे। रोज शाम उनके कुछ साथी मकान की देखभाल को आते हैं।
जयनारायण ने कुछ दिन पूर्व सरकारी महकमे में तैनात एक अधिकारी को मकान किराए पर दिया था। वह सोमवार को बैग लेकर मकान पर आए। मंगलवार को 11 बजे अपना सामान लेने चले गए। इसके बाद चोरों ने मंदिर की साइड वाले छोटे गेट का कुंडा तोड़कर घर में प्रवेश किया।
चोरों ने दोनों बैडरूम की अलमारी खंगाल डाली। वहां रखे सारे बैगों की तलाशी लेने के बाद उन्होंने दोनों कमरों में रखी सैफ के लॉकर भी तोड़ डाले। चोर घर से नकदी, जेवर समेत लाखों का कीमती सामन ले गए।
बेखौफ चोरों ने घर के अंदर जाने के लिए हर गेट का कुंडा काटा। शाम करीब छह बजे जयनारायण अरुण के साथी सुरेश चंद गुप्ता व जागेश्वर प्रसाद घर की देखभाल करने गए तो गेट खुले देखकर दंग रह गए। उन्होंने जयनारायण अरुण को मोबाइल पर चोरी की सूचना दी।
उनके रिश्तेदार राघव मेहरा घर पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। चोरों ने घर में रखी दोनाली बंदूक के साथ भी छेड़छाड़ की। हालांकि बंदूक सलामत मिली। रिवॉल्वर कपिल अरुण अपने साथ ले गए थे।
कॉलोनी के निवासियों को भी चोरी की भनक नहीं लगी। कॉलोनी में दिनभर आवाजाही रहती है, पर किसी को कुछ पता नहीं चला।