बिजनौर में रोडवेज बस स्टैंड के पास बुधवार को इस्तेमाल हुआ मोर्टार (तोप का गोला) मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्टार को कब्जे में ले लिया और जांच पड़ताल में जुट गई। पुलिस मान रही है कि स्क्रैप के साथ यह इस्तेमाल हुआ मोर्टार कहीं से आ गया होगा।
नगर पालिका का कर्मचारी सुरेश बुधवार की सुबह झालू बस स्टैंड के नजदीक बीआईसी स्कूल के पास नाले में सफाई कर रहा था। नाले में उसे मोर्टार पड़ा मिला। सुरेश ने उसे नाले से निकालकर प्लास्टिक के बैग में रख लिया और रोडवेज बस स्टैंड के पास ले आया। दो-तीन लोगों को उसने मोर्टार दिखाया। रोडवेज बस स्टैंड पर कोई उसे मोर्टार तो कोई रॉकेट लांचर बताने लगा। सुरेश ने मोर्टार को रोडवेज बस स्टैंड के सामने स्थित नाले के पास रख दिया। यह सूचना पुलिस को दे दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्टार को कब्जे में ले लिया। जिलेभर में रोडवेज बस स्टैंड पर बम मिलने की अफवाह फैल गई। हर कोई बम के बारे में मालूम करने लगा। पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को बुलाया। पुलिस व दस्ते ने जांच की तो यह खाली मोर्टार मिला। मोर्टार के अंदर बारूद नहीं था।