बिजनौर में पुलिस व प्रशासन को धमकी देने वाले दुष्कर्म के आरोपी बिजनौर जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अनवारूल हक भूमिगत हो गए हैं। पुलिस ने रात भर अनवारूल हक की तलाश में कई जगह ताबड़तोड़ दबिश दी पर मौलाना का कोई पता नहीं चला। मौलाना की तलाश में पुलिस ने जामा मस्जिद में भी मौलाना को तलाश किया। पुलिस ने मौलाना की घेराबंदी शुरू कर दी है। मौलाना की तलाश में दबिश पड़ने से मौलाना के नजदीकी भी फरार हो गए हैं।
मौलाना अनवारूलहक महिला के साथ अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद विवादों में फंस गए। मौलाना अनवारूल हक के खिलाफ अश्लील वीडियो में शामिल महिला ने बृहस्पतिवार को महिला थाने में मौलाना अनवारूल हक व उनके साथी खुर्रम के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मौलाना अनवारूल हक के पिता इस्लाम अली ने मंगलवार को नजीबाबाद थाने में अनवारूलहक और उनकी पत्नी के साथ मारपीट व लूटपाट करने की रिपोर्ट चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराई थी। पुलिस इस घटना को फर्जी मान रही है। बृहस्पतिवार को मौलाना अनवारूलहक ने प्रेसवार्ता कर प्रशासन को धमकाया। उन्होंने एसपी को भी धमकाया। कहा कि पैसे लेने हैं तो ऐसे लोगों से ले जो हज्म भी हो सकते हो। पुलिस-प्रशासन ने मौलाना की तलाश शुरू कर दी। सीओ सिटी असित श्री वास्तव की अगुवाई में कई थानों की पुलिस व पीएसी के साथ मौलाना के पैतृक गांव अकबरपुर आंवला, बिजनौर की जामा मस्जिद व कई और ठिकानों पर दबिश दी, पर मौलाना पुलिस के हाथ नहीं आया। शुक्रवार को दिन में बिजनौर के रेलवे स्टेशन के पास स्थित मस्जिद में भी दबिश दी गई। अनवारूलहक को पकड़ने के लिए पुलिस ने चौतरफा जाल बिछा दिया है। पुलिस के मुताबिक उसके नजदीकी लोग भी फरार हो गए हैं। मौलाना के ठिकानों पर दबिश पड़ने से उनकी समर्थकों में खलबली मची हुई है।
एसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक मौलाना अनवारूलहक की तलाश में कई थानों की पुलिस लगी है। एसपी उमेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक मौलाना अनवारूल हक को दबोचने के लिए एसपी सिटी एमएम बेग के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीम लगाई गई है। तीनों टीमें मौलाना की तलाश में जुटी है।
पीडित महिला के कोर्ट में बयान दर्ज
महिला थाना पुलिस ने एसीजेएम चंचल की कोर्ट में दुष्कर्म पीड़िता के शुक्रवार को कलमबंद बयान दर्ज कराए है। महिला के एसीजेएम ने अपने चेंबर में स्वयं बयान दर्ज किए। इस दौरान कोर्ट के बाहर काफी लोग मौजुद रहे। महिला को पुलिस सुरक्षा में लाया गया था। महिला ने जामा मस्जिद के इमाम मौलाना अनवारूल हक व उनके साथी खुर्रम के खिलाफ महिला थाने में दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उधर पुलिस ने कलियर शरीफ जाकर उस होटल के सीसीटी कैमरे भी खंगाले हंै जहां कमरा लेकर मौलाना महिला को ले गया था।
वीडियो वायरल करने वाले पर हमला बोला
शहर कोतवाली के गांव झलरा निवासी फैजान मलिक के मुताबिक आकाश प्लाजा में उसकी दुकान है। बृहस्पतिवार रात करीब पौने सात बजे कुछ युवक उसकी दुकान पर आए और मारपीट की। मारपीट के दौरान युवक कह रहे थे कि अनवारूल हक की वीडियो व्हाट्सएप पर क्यों डाली। ये युवक को फैजान को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। फैजान ने घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस ने गांव मोहम्मदपुर मंडावली निवासी शहवाज को दबोच लिया है। बाकी को भी पुलिस तलाश रही है।
इंसाफ होगा : अबरार
नजीबाबाद। सपा प्रत्याशी एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख अबरार आलम शुक्रवार को गांव अकबरपुर आंवला पहुंचे। सपा प्रत्याशी को मौलाना अनवारूल हक के परिजनों ने उन्हें षड्यंत्र के तहत झूठे मामले में फंसाने तथा उनके साथ लूट की वारदात होने की जानकारी दी। परिजनों ने न्याय दिलाने की मांग की। सपा प्रत्याशी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि यदि वे बेकसूर हैं, तो उन्हें न्याय होगा।
संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज
प्रशासन को धमकाने में मौलाना अनवारुल हक बुरी तरह फंस गए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ संगीन घटाओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी मौलाना अनवारुल हक का एक वीडियो गुरुवार को वायरल हुआ था। वीडियो में मौलाना अनवारुल हक ने जिला प्रशासन के लिए धमकी भरे शब्दों का प्रयोग किया था। शहर कोतवाली में तैनात एस एस आई धर्मपाल सिंह के खिलाफ आई टी एक्ट, 120बी, लोक सेवक को क्षति पहुचानें की धारा 189, 504, 506, मानहानि की धारा 499 में रिपोर्ट दर्ज कराइ है। फैजान पर हमला करने के मामले में भी संगीन धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।