नूरपुर थान में बैठे मृतक रोहताश के गमजदा परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
नूरपुर में गांव अस्करीपुर में मामूली बात को लेकर बृहस्पतिवार रात हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की पत्थर से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में मृतक का भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। मामला दो समुदायों का होने के चलते गांव में तनाव बना हुआ है। मृतक के पिता ने दो लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव अस्करीपुर निवासी रोहताश सिंह राज मिस्त्री का काम करता था। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे रोहताश के भाई नरेश और जयवीर घर के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर रेत उतार रहे थे। इस दौरान उनकी किसी बात को लेकर गांव के ही सलीम से कहासुनी हो गई। इसके बाद सलीम ने जयवीर को पत्थर मारकर घायल कर दिया और अपने घर चला गया। करीब डेढ़ घंटे बाद जयवीर और नरेश अपने भाई रोहताश एवं अन्य परिजनों के साथ सलीम के घर पहुंचे और उससे बेवजह मारपीट करने का कारण पूछने लगे।
इस दौरान सलीम ने घर से पत्थर बरसाने शुरू कर दिए और रोहताश को घर में खींचकर उसे पत्थरों और डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। शोर सुनकर अन्य ग्रामीणों को आता देखकर वह फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल रोहताश को परिजन उपचार के लिए सीएचसी ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता रामपाल सिंह ने सलीम व अंजार के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घायल जयवीर को उपचार के लिए निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है।
मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव बनाहुआ है। शुक्रवार की सुबह काफी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रभारी निरीक्षक आर आर कठेरिया ने बताया कि नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, रोहताश की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पत्नी और तीन बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है।