अफजलगढ़ में गांव जिकरीवाला में चोर मकान में नकब लगाकर दो लाख के सोना-चांदी सहित हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। परिवार रात भर आंगन में सोता रह गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एक सप्ताह पहले मानियावाला में भी चोरों ने नकब लगाकर चोरी की वारदात की थी।
जिकरीवाल निवासी कसीमुद्दीन ने बताया कि उसका भाई नसीम विदेश में रहता है। उसके बच्चे घर पर ही रहते हैं। रविवार की रात बच्चे गर्मी अधिक होने के कारण घर के आंगन में सो रहे थे। चोर रविवार की रात में मकान के पीछे बने रास्ते से कुंबल लगाकर कमरों में घुस आए। चोरों को एक कमरे में कुछ हाथ नहीं लगा तो दूसरे कमरे में अंदर ही अंदर नकब लगा दिया। चोर कमरे में नकब लगाकर संदूक आलमारी के ताले तोड़कर 25 हजार रुपये की नकदी सहित सोने, चांदी के जेवर, बर्तन सहित करीब ढाई लाख रूपये का सामान चोरी कर ले गए। चोरी का पता उस समय लगा, जब उसकी भाई की पत्नी कमरा खोलकर अंदर गई। कमरे की हालत देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे में सामान तितर बितर पड़ा था। संदूक व आलमारी से जेवर गायब थे। उसने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। जबकि एक सप्ताह पहले चोर इसी तरह गांव मानियावाला से भी मकान में नकब लगाकर 59 हजार नकदी सहित दो लाख रुपये के जेवर व कीमती समान चोरी कर ले गए थे। उधर, कार्यवाहक कोतवाल नरेशपाल सिंह ने बताया कि चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा