बिजनौर में पुलिस नेे मुठभेड़ के दौरान अंतरराज्यीय चोर गैंग के आठ बदमाशों को दबोचा है। इस गैंग ने बिजनौर के माउंट लिट्रा स्कूल में भी 14 लाख रुपये कीमत की 48 सोलर प्लेट चोरी की थी। पुलिस ने चोरों से एक कैंटर, दो तमंचे और छह चाकू भी बरामद किए हैं। एक चोर को पहले ही शाहजहांपुर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। गैंग के तीन सदस्य अभी फरार बताए जाते हैं।
शुक्रवार सुबह पुलिस की सूचना पर नगीना रोड पर एक कंटेनर का पीछा कर उसे रुकवाया। कंटेनर में आठ व्यक्ति सवार थे। पुलिस ने उनके पास से दो तमंचे और छह चाकू बरामद किए। पुलिस ने आठों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उन्होंने 29 सितंबर की रात माउंट लिट्रा स्कूल से 48 सोलर प्लेट चोरी करने की बात बताई।
एसपी सुभाष सिंह बघेल ने प्रेसवार्ता में बताया कि पकड़े गए चोरों ने अपने नाम जिला पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव बझखेड़ा निवासी हिस्ट्रीशीटर वेदपाल और रामदीन, थाना न्यूरिया के गांव पकड़िया निवासी अंकित, जिला रामपुर के थाना स्वार के गांव नानकार निवासी फरमान, थाना सिविल लाइन के गांव अलीनगर निवासी इमरान, जिला बरेली के थाना फरीदपुर की आनंद विहार कॉलोनी निवासी सुभाष, थाना भूता के गांव उदयपुर निवासी बृजेश व बिहार के जिले सिवान के थाना बुधरिया के गांव हरदीया निवासी अशोक बताया।
गैंग का लीडर हिस्ट्रीशीटर वेदपाल है। वेदपाल कहीं चोरी करने से पहले साथियों के साथ कुछ दिन तक रेकी करता है। इसके बाद पूरी प्लानिंग कर चोरी को अंजाम दिया जाता है। गैंग के सदस्य ढाबे आदि पर खड़े बड़े वाहनों से तेल भी चुराते हैं। पुलिस ने गैंग के पास से आठ लाख कीमत की 28 सोलर प्लेट, एक आयशर कैंटर, दो तमंचे व छह चाकू बरामद किए हैं। एसपी ने पुलिस टीम में शामिल शहर कोतवाल अजय गौतम, सर्विलांस सेल प्रभारी नरेश त्यागी, एसएसआई जसपाल सिंह, एसआई चंद्रकांत यादव, धर्मेंद्र सिंह आदि को पांच हजार रुपये का नगद इनाम देने की घोषणा की है।
बिजनौर। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में एक कंटेनर में सवार अंतरराज्यीय गैंग के आठ चोरों को पकड़ा है। चोरों ने बिजनौर के माउंट लिट्रा स्कूल से करीब 14 लाख रुपये कीमत की 48 सोलर प्लेट चोरी की थीं। पुलिस ने चोरों के पास से 28 सोलर प्लेट सहित दो तमंचे और छह चाकू भी बरामद किए हैं।