बिजनौर के धामपुर स्थित मछली बाजार में शाम को बाइक सवार दो युवकों ने अस्पताल में उपचार कराने आए मरीज के तीमारदारों को बेवजह पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। बाजार में अफरातफरी मच गई। घटना से हड़बड़ाए लोगों ने दुकानों के शटर गिरा दिए।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शांति व्यवस्था को पुलिस और पीएसी की गश्त बढ़ा दी गई है। सीओ अशोक यादव का कहना है कि आरोपियों का पता लगा कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।
थाना क्षेत्र के गांव नींदडू निवासी तौकीर ने बताया कि वह कार से परिवार की एक महिला सदस्य का मछली बाजार स्थित अस्पताल में उपचार कराने को आए थे।
जैसे ही उनके चालक शहजाद ने कार को अस्पताल के पास रोका, तो पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और कार चालक से अकारण अभद्रता करने लगे। चालक के विरोध करने पर आरोपियों ने बाइक को किनारे लगा कर चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। चालक से मारपीट होती देख वह और एक महिला , जो मरीज के साथ कार में थी दोनों चालक के बचाव में कार से बाहर आए. तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की।
उनको काफी चोट आई है। जिस मरीज को वह उपचार को लाए थे। मारपीट के बाद उसकी और हालत चिंताजनक हो गई। डाक्टर ने मरीज की हालत को नाजुक बता परिजनों को कहीं और ले जाने का सुझाव दिया है। आरोपी मारपीट करने के बाद मौके से फरार हो गए। आरोपी कौन है जांच के बाद भी अभी तक पता नहीं लग सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी मोहल्ले के ही है। इन आरोपियों का काम आए दिन शराब पीकर लोगों से मारपीट करना ही है। घटना के दौरान शोर मचने पर बाजार में दुुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदार दुुकानों के शटर बंदकर घरों को चले गए।
लोगों का कहना है कि घटना की सूचना पर सीओ मौके पर पहुंचे। सीओ ने मामले की जांच की। आरोपियों का पता नहीं लग सका था। सीओ ने कहा कि आरोपियों का पता लगा कार्रवाई की जाएगी।