नहटौर में चोरों ने घर में घुसकर अलमारी के ताले तोड़कर 10 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात सहित लाखों रुपये की चोरी कर ली। सुबह को सामान बिखरा देख घटना का पता चला। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव महमूदपुर मिलक उर्फ बच्चेवाला निवासी मूला सिंह अपने परिवार सहित घर के एक कमरे में सोया हुआ था। बताया जाता है कि रविवार रात किसी समय चोर घर में घुस आए और पास के ही एक अन्य कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़कर सोने का एक मंगलसूत्र, एक गले का हार, एक चैन, कुंडल, चांदी की पायल और 10 हजार रुपये की नगदी सहित लाखों का समान चोरी कर ले गए।
सुबह चोरी होने का पता चलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में चोरी की वारदातों से ग्रामीण परेशान है। चोरों ने ग्रामीण क्षेत्रों में आतंक मचा रखा है। घरों और पशुशालाओं में चोरी होना आम बात हो गई। कई गांवों में ग्रामीण पहरा देकर रात गुजार रहे हैं। ग्रामीणों ने एसपी से चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है।