ट्रेन में युवक को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
नजीबाबाद में किसान एक्सप्रेस ट्रेन में एक युवक से हजारों की नगदी लूटने के बाद सफर के दौरान उसे बंधक बना लिया गया। सूचना पर जीआरपी ने नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर दो महिला समेत चार को गिरफ्तार कर युवक को मुक्त कराया। रिपोर्ट दज्र कर चारों को जेल भेज दिया गया है।
गांव मुंडाला कोतवाली निवासी कय्यूम अंबाला से किसान एक्सप्रेस के जनरल कोच में घर आने के लिए सवार हुआ था। आरोप है कि जनरल कोच में सवार दो युवक और दो महिलाओं से किसी बात उसकी बहस हो गई। आरोप है कि चारों ने उसके साथ मारपीट कर 13 हजार 400 रुपये लूट लिए। इतना ही नहीं युवकों ने उसे सफर के दौरान बंधक बना लिया।
जिससे वह किसी को घटना की सूचना नहीं दे पाया। लक्सर रेलवे स्टेशन ट्रेन पहुंचने के बाद किसी ने नजीबाबाद जीआरपी को युवक के साथ लूट और उसे बंधक बनाने की सूचना दी।
जीआरपी प्रभारी विजय कुमार, एसआई अनिल कुमार के नेतृत्व में सोमवार की सुबह करीब पांच बजे पुलिस बल ने कोच पर छापा मारकर कय्यूम को मुक्त कराकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कय्यूम की तहरीर पर पुलिस ने हरथला मुरादाबाद निवासी दिलशाद, उसकी पत्नी साजिदा, गांव दानापुर भनौटी संभल निवासी शाकिर, उसकी पत्नी शमा के खिलाफ लूटपाट का आपराधिक मामला दर्ज किया है। सिविल जज जूनियर डिविजन न्यायालय में पेश करने के बाद जेल चारों को जेल भेज दिया है। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि ट्रेनों में ऐसे गिरोह सक्रिय है, जो महिलाओं के सेफ्टी के तौर साथ रख कर यात्रियों से लूटपाट करते है। विरोध होने पर छेड़छाड़ का आरोप लगा कर महिलाओं से हंगामा करा देते है। खुद को पति और पत्नी बताते है।