बिजनौर के नजीबाबाद में जनसेवा एक्सप्रेस रद् होने के विरोध में प्रदर्शन करने के मामले में दस यात्रियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरपीएफ ने बिहार के 10 यात्रियों को हिरासत में ले लिया गया है।
पंजाब के फिल्लौर क्षेत्र में झेलम एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बाद मंगलवार को नजीबाबाद से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित हुई थीं। रेल प्रशासन ने सहरसा से अमृतसर जा रही जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन को नजीबाबाद में रोक कर रद कर दिया था। ट्रेन के रद् होने के बाद ट्रेन में सवार सहरसा बिहार के सैकड़ों यात्रियों ने स्टेशन पर घंटों हंगामा किया।
उन्होंने गढ़वाल एक्सप्रेस, नजीबाबाद-गजरौला पैसेंजर ट्रेन, मालगाड़ी सहित कई ट्रेनों को ग ंतव्य तक जाने से रोके रखा। रेल प्रशासन को बिहार के यात्रियों के उग्र प्रदर्शन के आगे झुककर जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना करना पड़ा था। जनसेवा एक्सप्रेस के गंतव्य के लिए रवाना होते समय गुस्साई रेलवे पुलिस ने 10 यात्रियों को रेलों का आवागमन ठप कर प्रदर्शन करने के आरोप में हिरासत में ले लिया है।
पकड़े गए रेल यात्रियों में सुबोक लाल, दीप नारायण, मुकेश सादा, नीरज शर्मा, दिनेश यादव, रामसुंदर, छेदी, रामानंद ऋषिदेव, सुकंद देव, अर्जुन मंडल शामिल हैं। आरपीएफ लक्सर प्रभारी प्रमोद अवस्थी और नजीबाबाद प्रभारी अखिलेश यादव की ओर से पकड़े गए सभी बिहार के यात्रियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई होगी। आरपीएफ का कहना है कि इनके खिलाफ जांच कर रेलवे कार्य में बाधा डालने के आरोप में कार्रवाई की जाएगी।