धारूवाला में प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से रुपये से भरा बैग लूट कर भाग रहे तीन बदमाशों को कंपनी के कर्मचारियों ने घेर लिया। बदमाश बैग और अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
एसकेएस माइक्रो कंपनी का बिजनौर में सेंट मैरी स्कूल के पास आफिस है।
बड़ौत निवासी रणजीत सिंह का पुत्र पवन कुमार कंपनी में कर्मचारी है। पवन हर सप्ताह गांव बाखरपुर में प्रवीण सिंह के पुत्र पवन कुमार के घर पर बैठकर ब्याज पर रावली इलाके के ग्रामीणों को पैसा देता है। पवन के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पवन रुपये बांटकर बाइक से गांव बाखरपुर से जा रहा था।
गांव धारूवाला से पहले बाइक सवार तीन बदमाशों ने पवन को रोक लिया और आतंकित कर 25 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। बाइक की चाबी भी निकाल ली और भाग गए। पवन ने मोबाइल से यह सूचना स्टाक के कर्मचारियों को दी और हुलिया भी बताया। स्टाफ ने पुलिस को लूट की सूचना दी।
स्टाफ के तीन कर्मचारी बाइक से बदमाशों की तलाश में निकल पड़े। गांव जंदरपुर के निकट तीनों बदमाश पैदल मंडावर मार्ग पर आते दिखाई दिए। ये बाइक ठेल कर ला रहे थे। स्टाफ के कर्मचारियों ने उन्हें रोका तो वे बाइक और रुपये से भरा बैग छोड़कर भाग निकले। पुलिस के साथ स्टाफ ने भी बदमाशों की तलाश की पर कोई बदमाश हाथ नहीं आया। पुलिस बदमाशों की बाइक थाने ले आई है। शहर कोतवाल अजय गौतम के मुताबिक बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीम लगा दी है।