हल्दौर। दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर दंपति से करीब 60 हजार रुपये के आभूषण लूट लिए। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों को साथ लेकर कांबिंग की, लेकिन बदमाश हत्थे नहीं चढ़े।
थाना हीमपुर के गांव रावटी निवासी सीमा अपने पति अमित कुमार के साथ शनिवार सुबह अपने भाइयों को राखी बांधने अपने मायके हल्दौर थाने के गांव फतेहल्लापुर पोटा बाइक से आ रही थी। जब दंपति गुरुकुल कुंडा के पास पहुंचे तो पीछे से बाइक से आए दो बदमाशों ने अपनी बाइक उनकी बाइक की आगे अड़ा दी।
इससे बाइक सवार अमित और सीमा गिर गए। बाइक पर सवार दोनों बदमाशों ने उनकी कनपटी पर तमंचे लगा दिए और सीमा के कुंडल और सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद बदमाश चांदपुर की ओर भाग गए। गांव फतेह उल्लापुर पोटा के प्रधान गजे सिंह ने अम्हैड़ा पुलिस चौकी को सूचना दी।
पुलिस ने ग्रामीणों को साथ लेकर करीब एक घंटे तक बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीड़ितों ने लूटे गहनों की कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।