बिजनौर में अफजलगढ़ के गांव हिदायतपुर चौहड़वाला निवासी अंजुम परवीन पुत्री सिकंदर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पति ने उसके फोन पर तलाक का मैसेज भेज दिया। इसके बाद ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया।
अंजुम का कहना है कि उसका निकाह करीब छह माह पहले हर्षवाला नजीबाबद निवासी साजिद से हुआ था। दहेज से ससुरालवाले खुुश नहीं थे। पति, देवर, ननद, सास और दहेज लाने के लिए उसका उत्पीड़न करने लगे। असमर्थता जताने पर सुसरालियों ने उसे लाठी-डंडों से मारा-पीटा।
अंजुम के मुताबिक, ससुरालियों ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। नाकाम रहने पर उसे घर से बाहर निकाल दिया। वह मायके में रह रही थी। एक मई को परिजन किसी काम से गए थे तो ससुरालियों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। इससे वह घायल हुई है।
उसने तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके पति ने अपने भाई के दबाव में आकर 29 अप्रैल को उसके मोबाइल पर तलाक का मैसेज भी भेजा था। कार्यवाहक थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है।