नांगलसोती में नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर ट्रॉली पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गई। हादसे में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक और एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल किसान को दिल्ली रेफर किया गया है।
नांगल थाना क्षेत्र के ग्राम सराय आलम निवासी माकपा नेता ब्रजवीर सिंह के ज्वालापुर (हरिद्वार) निवासी रिश्तेदार पशुपालन से जुड़े हैं। ब्रजवीर सिंह का पुत्र पवनवीर सिंह (45) खेतों के लिए खाद लेने के लिए रविवार सुबह करीब पांच बजे ट्रैक्टर ट्रॉली से ज्वालापुर के लिए निकला था। ट्रॉली में खाद भरने के लिए वह गांव से तीन किसान चरन (37), लोकेश (30) और वीर सिंह (30) को साथ लेकर चला था। सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच गैंडीखाता (उत्तराखंड) से हरिद्वार दिशा में बढ़ने पर रवासन नदी पुल पर पहुंची ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 20 फीट नीचे नदी में गिर गई। हादसे में ट्र्रैक्टर सवार दो भाई चरन और लोकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चला रहा पवनवीर और वीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर श्यामपुर (उत्तराखंड) पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए हरिद्वार जिला अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिंताजनक हालत में पवनवीर सिंह को दिल्ली रेफर किया गया, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद घायल वीर सिंह को घर भेज दिया गया। उधर, दोनों भाइयों के शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचने पर परिवार में कोहराम मच गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मारकर भागे ट्रक का पता नहीं लग सका।
बिजनौर में धामपुर के मोहल्ला साहूवान निवासी अमित (22), धामपुर में नगीना चौराहे के निकट रहने वाला वीरेंद्र (31), शानू (17) गांव रसूलपुर निवासी मोहरम अली जैदी (25) की गाड़ी किराए पर लेकर अपनी रिश्तेदारी में हरियाणा में शादी में गए थे। चारों शनिवार की रात को वहां से कार से वापस अपने घर आ रहे थे। कार में मंडावर की रिश्तेदार महिला केला देवी (55) भी थी। रात में करीब सवा दो बजे नहटौर-बिजनौर मार्ग स्थित गांव मेहरामपुर के निकट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार पांचों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया। चिकित्सकों ने अमित व केला देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गया। अमित व केला देवी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिवार बिना किसी कार्रवाई के मृतकों व घायलों को अपने साथ ले गए।
वहीं स्योहारा में किसी वाहन की चपेट में आकर एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते हुए उसकी मौत हो गई। गांव जोतहिम्मा बसेराखुर्द निवासी आशीष (32) बाइक से स्योहारा से अपने गांव जा रहा था। ठाकुरद्वारा मार्ग पर गांव नवादा के पास किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपी डायल 100 से पुलिस और ग्रामीण उसे सीएचसी ले जा रहे थे, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। आशीष के ताऊ की ओर से थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, कस्बा चंदक निवासी सूरज अपनी मां शशि के साथ बाइक से लेकर नांगल की ओर जा रहा था। बस स्टैंड के निकट उनकी बाइक की दूसरे बाइक सवार से टक्कर हो गई। हादसे में दोनों घायल हो गए। दोनों को पीएचसी भर्ती कराया। जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। ब्यूरो