जंगल में बदमाशों के साथ हुई पुलिस मुठभेड़।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में बदमाशों ने रंगदारी न देने पर एक जूता व्यापारी के घर पर फायरिंग की और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। शनिवार को इस मामले को लेकर व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल एसपी संजीव त्यागी से मिला। उन्होंने जूता व्यापारी के परिवार को सुरक्षा दिलाने और रंगादारी मांगने वाले बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की। इसके बाद से ही पुलिस बदमाशों की तलाश में सक्रिय हो गई। एक सूचना के आधार पर पुलिस ने नजीबाबाद मार्ग पर दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों को घेर लिया। बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस जंगल की घेराबंदी कर कांबिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया गया है। उसके पैर में गोली लगी है।
बिजनौर की आदर्शनगर चंद्रलोक कॉलोनी निवासी सत्यवीर सिंह की नगर पालिका चौक पर जूतों की दुकान है। 19 मई को उनके मोबाइल पर बदमाशों ने 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उनके दोनों बेटों को खत्म करने की धमकी दी थी। इसके अलावा नजीबाबाद मार्ग पर रहने वाले एक होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. नवनेश कोठारी से भी 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। दोनों से रंगदारी गांव स्वाहेड़ी के पास बदमाशों द्वारा एक दूधिया से लूटे गए मोबाइल से मांगी गई है। रंगदारी न देने पर शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे तीन बदमाश बाइक से आदर्श नगर चंद्रलोक कॉलोनी में सत्यवीर सिंह के मकान पर पहुंचे और वहां फायरिंग की। बदमाशों ने बाद में जूता व्यापारी से आठ व चिकित्सक से छह लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने एक दुकान के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो तीन युवक बाइक पर भागते हुए दिखाई दिए। इस मामले की शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। शनिवार को व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल एसपी संजीव त्यागी से मिला व रंगदारी मांगने वाले बदमाशों को पकड़ने व सत्यवीर सिंह के परिवार वालों को सुरक्षा दिलाने की मांग की। एसपी ने व्यापारियों को रंगदारी मांगने वाले बदमाशों को जल्द पकड़ने का भरोसा दिलाया। इस दौरान मुनीष त्यागी, रजनीश अग्रवाल आदि मौजूद रहे। वहीं, शनिवार रात नजीबाबाद मार्ग पर स्वाहेड़ी के पास पुलिस ने एक सूचना के आधार पर दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशों को घेर लिया। शहर कोतवाली पुलिस, क्राइम ब्रांच और एसओजी की टीम पर फायरिंग करते हुए बदमाश अपनी बाइकों को छोड़कर जंगल में फरार हो गए। पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश में कांबिंग शुरू कर दी। पुलिस को आता देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी बदमाशों पर फायरिंग की। पुलिस फायरिंग में चांदपुर थाने के गांव कुलचाना निवासी विनीत उर्फ बटलर को पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे दबोच लिया , जबकि उसके दो साथी भागने में कामयाब रहे। एसपी संजीव त्यागी ने बताया कि रंगदारी मांगने वाले बदमाशों से पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश को पकड़ लिया गया है। उसके पैर में गोली गली है। उसके अन्य दो साथियों की तलाश में कांबिंग की जा रही है।