बिजनौर में फरार लड़की के मामले में बिजनौर आए दिल्ली पुलिस के एक दरोगा को शहर कोतवाली के गेट पर कुछ वकीलों ने बुरी से तरह पीट दिया। वीडियो बना रहे एक दरोगा का मोबाइल तोड़ डाला। इस घटना को लेकर खूब हंगामा हुआ। दरोगा से माफी मांगने पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
दिल्ली के सरिता विहार से 15 दिन पहले एक लड़की फरार हो गई थी। पुलिस के मुताबिक बिजनौर के अखेड़ा गांव के दिनेश पर लड़की को भगाने का शक है। सरिता विहार थाने का दरोगा रंजीत सिंह रविवार को दिनेश की तलाश में बिजनौर पहुंचे। दिनेश के परिजनों ने घर का दरवाजा नहीं खोला। पुलिस के मुताबिक दरोगा ने मोबाइल पर बात की, तो दिनेश ने बिजनौर कोतवाली आने की बात की। दिनेश का एक रिश्तेदार अधिवक्ता है। अधिवक्ता अपने कई साथियों को लेकर थाने पहुंच गए। आरोप है कि वकीलों ने दरोगा रंजीत सिंह पर हमला करके उसे पीट डाला। थाने में मौजूद दरोगा राजेश कंबोज ने इस मारपीट की मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू कर दी। आरोप है कि अधिवक्ताओं ने उसका मोबाइल तोड़ डाला। पुलिस ने एक अधिवक्ता को दबोच लिया, बाकी भाग गए। दिल्ली के दरोगा से अधिवक्ता ने माफी मांगी। दूसरे दरोगा का तोड़ा गया मोबाइल देने का वादा किया, तब जाकर दोनों पक्षों में समझौता हुआ। शहर कोतवाल शैलेंद्र प्रताप गौतम ने दोनों पक्षों में समझौता होने की पुष्टि की है।