बागपत के हरचंदपुर गांव के युवक शाहबाज के अपहरण कर हत्या के मामले में उसके परिजन कोतवाली पहुंचे। उनका आरोप है कि आरोपी केस में समझौते का दबाव बना रहे हैं। मना करने पर भुगतने की धमकी दे रहे हैं। इससे पूरा परिवार भयभीत है।
हरचंदपुर निवासी शाबिर ने बताया कि उसके बेटे शाहबाज का करीब एक साल पूर्व गांव के ही युवकों ने अपहरण कर लिया था। अभी तक बरामद नहीं हुआ। परिजनों ने अपहरण कर हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
हालांकि पुलिस ने अभी तक लाश बरामद नहीं कर पाई है। आरोपियों को अपहरण के आरोप में जेल भेज दिया था। आरोपी जमानत पर जेल से छूट गए हैं। आरोपी लगातार उनको जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। मना करने पर धमकी दे रहे हैं। इससे उनका पूरा परिवार दहशत में है। आरोपी उन पर हमला भी कर चुके हैं। उन्होंने कोतवाली पुलिस से अपनी सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।