बिजनौर के हल्दौर में पुलिस ने होली पर गांव खासपुरा में नीली लगी बत्ती लगी गाड़ी के साथ फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर वाहनों से अवैध वसूली करने वाले तीन लोगों को पकड़ लिया है। तीनों के खिलाफ रिपेार्ट दर्ज कराकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गांव खासपुरा में सोमवार की देर रात मुरादाबाद-बिजनौर हाईवे पर गांव खासपुरा के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने एक नीली बत्ती लगी बोलेरो से सेल्स टैक्स विभाग का अधिकारी बताकर तीन व्यक्ति वाहनों से अवैध वसूली कर रहे थे।
कई वाहनों से वसूली कर चुके थे। नीली बत्ती लगी बोलेरो के पास खडे़ दो व्यक्ति अवैध वसूली के लिए वाहनों को रुकवाकर वाहनों के कागजात चेक कर रहे थे। वाहन चालकों के मालूम करने पर दोनों व्यक्तियों ने उन्हें बोलेरो में बैठे फर्जी अफसर के पास उन्हें भेज दिया।
फर्जी अधिकारी ने चालकों से कागजों में खामियां बताकर ले देकर मामला निपटाने को कहा। वाहन चालकों को फर्जी अफसर की बात पर शक हुआ। चालकों ने पैजनियां पुलिस चौकी को सूचना दे दी।
चौकी प्रभारी रमेश बाबू पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और फर्जी सेल्स टैक्स अधिकारी व उसके दोनों साथियों को गाड़ी सहित पकड़कर थाने ले आए।
पकड़े गए फर्जी अधिकारी ने पुलिस को अपना नाम मुरादाबाद के भगतवली निवासी अमित कुमार , बिजनौर के गांव तिमरपुर निवासी मनोज कुमार व नूरपुर थाने के गावं पूरनपुर निवासी लीला सिंह बताया। पुलिस ने पकड़े गए तीनों से बोलेरो के कागजात मांगे तो कोई कागज नहीं मिला।
एसओ प्रदीप यादव ने बताया कि तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर उनका चालान कर दिया है। इसके अलावा जांच शुरू कर दी गई है।
सीओ सिटी सिटी रामानंद कुशवाहा के मुताबिक अमित की गाड़ी किराए पर सेल्स टैक्स विभाग में लगी थी। इसका फायदा उठाकर तीनों ने इस काम को शुरू किया। तीनों वाहनों के चालक है।