बिजनौर में चोरी की बाइक के साथ पुलिस ने पकड़े तीन चोर।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में शिवालाकलां पुलिस ने बाइक चोरों का एक अंतरराज्यीय गैंग दबोचा है। गैंग के तीन सदस्यों से चोरी की पांच बाइक बरामद की हैं। गैंग दिल्ली, एनसीआर व आसपास के जिलों से बाइक चोरी करके बेचता था। बरामद बाइकों में तीन बाइक दिल्ली से चोरी की गई हैं। गैंग का एक सदस्य पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
एसपी सिटी लक्ष्मीनिवास मिश्रा के मुताबिक शिवालाकलां पुलिस ने चेकिंग के दौरान गांव मुराहट से तीन बाइक चोरों को दबोचकर उनसे चोरी की पांच बाइक बरामद की हैं। पकड़े गए चोरों में शिवालाकलां थाने के गांव मुराहट निवासी राबित कुमार, जयविंद्र व राहुल हैं। इनका एक साथी विजय पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पकड़े गए चोरों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली, एनसीआर व आसपास के जिलों से बाइक चोरी करके लाते थे और उन्हें तीन से छह हजार रुपये तक में बेच देते थे। काफी समय से उनका गैंग सक्रिय है। गैंग के सदस्य किसी भी जिले को निशाना बनाकर वहां से बाइक चोरी करते थे। कई जिलों से वह बाइक चोरी करते थे। बाइक चोरी करने के बाद खरीदार को जाल में फंसाते थे। तब चोरी की बाइक बेचते थे।
गैंग के सभी साथी एक साथ मिलकर इस काम को करते थे। गैंग के सदस्य बाइक चोरी करके जो पैसा कमाते थे उसे आपस में बांट लेते थे। एसपी सिटी ने बताया कि बरामद पांच बाइकों में से तीन बाइक दिल्ली से चोरी की गई हैं। दिल्ली से गैंग के सदस्य ही बाइक चोरी करके लाए थे। गैंग को पकड़ने वाली टीम में शिवालाकलां के एसओ अमन सिंह, दरोगा सतीश कुमार, हेड कांस्टेबिल अशोक कुमार, प्रभाकर राव, सिपाही नबी हसन, मोबिन शामिल हैं।