मंडावर। पुलिस ने अंतर जनपदीय बाइक चोर गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से दो तमंचे, कारतूस और चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। दोनों का चालान कर दिया है।
पुलिस को बृहस्पतिवार शाम गांव खुड़ाहेड़ी के पास दो बाइक चोरों के होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी में दोनों के पास एक-एक तमंचा व चार कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में उन्होंने अपने नाम थाना नांगल के गांव तिसोतरा निवासी नरेंद्र और थाना कोतवालीशहर के मोहल्ला खत्रियान निवासी मजहर अली बताया। उनके पास से दो स्पलेंडर बाइक बरामद हुईं। एक बाइक उन्होंने बिजनौर के जिला अस्पताल और दूसरी अमरोहा जिले के हसनपुर कस्बे से चुराई थी।
दोनों बाइकों को बेचने की फिराक में लगे थे। एसआई सतीश कुमार के मुताबिक दोनों से पूूछताछ की जा रही है।
दुकान में चोरी
नजीबाबाद। गोपाल ऑटोमोबाइल प्रतिष्ठान के स्वामी नरेंद्र सिंह वाधवा ने हाल ही में चांद बैंक्वेट हॉल के सामने अमन इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम खोला। बृहस्पतिवार रात चोर सीढ़ियों की दीवार में कुंबल कर छत के रास्ते शोरूम में घुसे और मोबाइल चोरी कर लिए।
शोरूम बंद होने के कारण नरेंद्र सिंह व उनका पुत्र अमन दिल्ली गए थे। नरेंद्र सिंह रात लौट आए, जबकि अमन किसी काम से वहीं रुक गया। शुक्रवार सुबह नरेंद्र सिंह शोरूम पर पहुंचे, तो चोरी देखकर उनके पांव तले जमीन खिसक गई। नरेंद्र सिंह ने सवा चार लाख रुपये कीमत के नए मोबाइल और पांच हजार रुपये की नगदी चोरी होने की पुलिस को जानकारी दी।