बिजनौर में नहटौर क्षेत्र के जरीफपुर इलाके के जंगल में खून से लथपथ बुजुर्ग की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उधर, घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
शुरुआती जांच के बाद पुलिस का कहना है कि किसी जानवर ने बुजुर्ग पर हमला किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद ही मौत का असली कारण सामने आएगा।
ये है पूरा मामला
बताया गया कि बलराम (70 वर्ष) पुत्र गेंदा निवासी ग्राम जरीफपुर, चतर थाना नहटौर, जनपद बिजनौर गांव में ही तालाब पर मछलियों की रखवाली करता था। आज यानी शुक्रवार सुबह बलराम का शव तालाब किनारे अपनी झोपड़ी के सामने लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। बुजुर्ग के शरीर पर दांत से काटने के निशान मिले और बांया कान कटा हुआ है। वहीं पूरा शरीर खून से लथपथ हुआ है।
पुलिस का मानना है कि ऐसा लगता है, जैसे रात में किसी जंगली जानवर द्वारा हमला किया गया हो। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी धामपुर ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। उधर, डॉग स्कवॉयड और फील्ड यूनिट टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।