बिजनौर के पेद्दा प्रकरण में आरोपी बनाए गए व्यापारी अरुण कबाड़ी के घर एसपी अजय कुमार साहनी ने पुलिस बल के साथ दबिश दी। पुलिस ने कबाड़ी की तीन गाड़ी व एक स्कूटी कब्जे में ले ली है। इस दौरान मामले में आरोपी बनाए गए युवा भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी मौसम के पिता जिला बार के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह की पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई।
पुलिस ने पेद्दा प्रकरण में व्यापारी अरुण कबाड़ी, उनके गनर सोनू व ऐश्वर्य चौधरी मौसम एडवोकेट को भी आरोपी बनाया है। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे एसपी ने खुद पुलिस बल के साथ अरुण कबाड़ी के गांव आदमपुर स्थित आवास पर दबिश दी। पुलिस ने पूरे घर की तलाशी ली। पुलिस ने कबाड़ी के घर से तीन गाड़ी और एक स्कूटी को कब्जे में लिया है। इस दौरान ऐश्वर्य चौधरी मौसम के पिता जिला बार के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह व वकील भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में उनकी पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने अरुण कबाड़ी के परिजनों को उन्हें तीन दिन में पुलिस के सामने आने को कहा है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई।