महिला से बात करते अधिकारी और छीनी गई बोतल (लाल घेरे में)
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में इंसाफ नहीं मिलने से क्षुब्ध एक महिला मिट्टी के तेल की बोतल और माचिस लेकर आत्मदाह के इरादे से कलक्ट्रेट में जा धमकी। इरादों की भनक लगते ही पुलिस ने दबोचकर उसका चालान कर दिया। इस घटना को लेकर काफी देर तक अफरा-तफरी रही।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव उमरी कला निवासी शीशराम की पुत्री कुंती उर्फ कविता देवी शनिवार दिन में करीब 12 बजे प्लास्टिक की बोतल में मिट्टी का तेल और माचिस लेकर कलक्ट्रेट पहुंची। इरादों की भनक लगते ही पुलिस उसे दबोचकर थाने ले गई । पुलिस ने आत्मदाह की कोशिश की रिपोर्ट दर्ज करा महिला का चालान कर दिया है।
कुंती के मुताबिक, नौ माह पूर्व उसकी देहरादून निवासी राकेश से दूसरी शादी हुई है। गांव उमरी कला का मुन्ने खां लोगों को ब्लैकमेल करता है। मुन्ने खां उसके पति राकेश को कई नंबरों से मोबाइल पर कॉल करके तीन लाख रुपये मांग रहा है। रुपये नहीं देने पर वह पति को काटकर बोरे में भरने की धमकी दे रहा है। इस कारण पति उसे लेने भी नहीं आ रहा। कुंती के मुताबिक, उसके मुन्ने खां पर डेढ़ लाख रुपये निकलते हैं। इन्हें लौटाने के बजाय वह उसके पति से रुपये मांग रहा है।
कुंती का कहना है कि उसने पुलिस से इसकी शिकायत की, लेकिन इंसाफ नहीं मिला। परेशान होकर वह आत्मदाह करने के लिए कलक्ट्रेट आई थी। उधर, सीओ सिटी असित श्रीवास्तव के मुताबिक, महिला कुंती ने एक जमीन का बैनामा कराने के नाम पर मुन्ने खां से डेढ़ लाख रुपये ले रखे हैं। मुन्ने खां की जगह कुंती ने जमीन का बैनामा अपने भाई के नाम करा दिया। अब मुन्ने खां उससे रुपये मांग रहा है।