कैराना । पुलिस कस्टडी से फरार हुए बदमाश साबिर जंधेडी की मां और उसके भाई को पुलिस ने डोडा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। कैराना क्षेत्र के गांव जंधेड़ी निवासी साबिर कुख्यात बदमाश मुकीम काला गैंग का सदस्य है।
काफी दिन से वह सिद्धार्थनगर जेल में बंद था और शुक्रवार को पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। शनिवार को कैराना थाना पुलिस ने साबिर की मां हसमुदा को 900 ग्राम डोडा और उसके भाई आरिफ को 800 ग्राम डोडा पोस्त के साथ भूरा चुंगी से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार हसमुदा और आरिफ को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया।
उधर, कोतवाली कैराना पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर भूरा चुंगी के पास से साकिब निवासी भूरा को गिरफ्तार किया। 900 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने उसको कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
सहारनपुर में पकड़ी गई साबिर की पत्नी
कैराना(ब्यूरो)। क्षेत्र के गांव जंधेडी निवासी कुख्यात बदमाश साबिर की पत्नी जासमीन उर्फ जासो को शुक्रवार रात सहारनपुर में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जासमीन के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की रिपोर्ट दर्ज थी, जिसमें वह वांछित चल रही थी। कैराना कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने जासमीन के पकड़े जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जासमीन पूर्व में लूट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजी गई थी। बाद में न्यायालय से जमानत मंजूर होने पर जासमीन जेल से रिहा हो गई थी। इसके बाद उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई थी।
टेंशन बढ़ा सकते फरार साबिर और मुंशाद
शामली। शातिर मुकीम काला गैंग के दो बदमाश साबिर और मुंशाद पुलिस के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। दोनों की फरारी पुलिस की परेशानी बढ़ गई है। जिसके चलते जिले की पुलिस को एसपी ने अलर्ट कर दिया है। दरअसल मुकीम गैंग ने कैराना में व्यापारियों की दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। बाद में एसटीएफ ने मुकीम और साबिर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गैंग के सारे सदस्य जेल चले गए थे, लेकिन करीब एक माह पूर्व जेल से मुंशाद फरार हो गया था।