गोयली गांव में अधिवक्ता के मकान में डकैती के बाद फैला पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
चांदपुर में बदमाशों ने शनिवार की रात गांव गोयली में अधिवक्ता के परिवार को हथियारों के बल पर आतंकित कर सनसनी फैला दी। बदमाश 50 हजार की नकदी और सोने के आभूषण समेत लाखों के सामान लूट कर फरार हो गए। इस घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
गांव गोयली निवासी इंतेजार मेहंदी एडवोकेट चांदपुर तहसील में वकालत करते हैं। वह गांव की मस्जिद व इमामबाड़ा के मुतवल्ली भी हैं। शनिवार को गांव में ही चाचा सरदार जैदी के घर में शादी थी। इंतेजार की बहन भी आई हुई थीं। रात करीब 12.30 बजे सभी शादी में शामिल होकर अपने घर आए थे। इंतेजार मेहंदी के मुताबिक वह मकान के बरामदे में परिवार के साथ सो रहे थे। रात में करीब दो बजे छह-सात बदमाशों ने घर में घुसकर उन्हें सोते हुए उठाया। पहले बदमाशों ने तमंचे दिखाते हुए कहा कि उनके पीछे पुलिस लगी है। उन्हें कुछ देर यहीं छिपना है। बाद में बदमाशों ने बंदूक व रुपयों के बारे में पूछताछ की।
उन्होंने कहा कि उनके पास कोई बंदूक नहीं है। बदमाशों ने तमंचा दिखाते हु्ए उनसे कमरों की चॉबी लेकर कमरे में रखे संदूक, सेफ, दीवान को खंगाल कर घर में रखे अपने व मस्जिद के करीब 50 हजार की नगदी तथा 16 तोले सोने के आभूषण लूटकर मकान के मेन गेट से फरार हो गए। करीब पौन घंटे बदमाशों ने लूटपाट की। सभी बदमाश युवा उम्र के बताए जा रहे हैं। सीओ बांके लाल आर्य तथा कोतवाली निरीक्षक फतेह सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
डॉग स्क्वॉयड व फ्रिंगर प्रिंट टीम ने भी मौके पर पहुंची तथा जांच की। कोतवाली निरीक्षक फतेह सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज हो गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।