नजीबाबाद में जाब्तागंज क्षेत्र में एक युवती पर बाइक सवार युवकों द्वारा एसिड फेंकने की सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। संयोग से एसिड युवती के चेहरे व शरीर तक नहीं पहुंचा। युवती का दुपट्टा बुरी तरह जल गया।
दुस्साहसी बाइक सवार युवकों ने नजीबाबाद के जाब्तागंज क्षेत्र में एसिड फेंककर युवती को कुरूप बनाने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। पड़ोस के एक गांव की युवती जाब्तागंज में अपने एक संबंधी के यहां रहकर कौशल विकास योजना के अंतर्गत फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण ले रही है। युवती रविवार को अपनी दो सहेलियों के साथ प्रशिक्षण सेंटर जा रही थी। तभी लाल रंग की बाइक पर सवार दो युवकों ने नजदीक आकर एक युवती को निशाना बनाते हुए उस पर एसिड फेंक दिया। युवतियों के शोर मचाने पर युवक फरार हो गए।
संयोग से एसिड युवती के चेहरे व शरीर तक नहीं पहुंचा। एसिड से युवती का दुपट्टा जल गया। सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। युवती के परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सीओ रामानंद कुशवाहा ने थाने को मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के लिए कहा है। उधर, थाना प्रभारी तेजेंद्र यादव ने बताया कि प्रकरण की जांच कार्रवाई की जाएगी।