पूर्व विधायक के स्कूल में डकैती
धामपुर। हाईवे 74 स्थित सिमराह इंटरनेशनल स्कूल में बदमाशों ने बुधवार रात चौकीदारों को बंधक बनाकर स्कूल में डकैती डाली। स्कूल प्रधानाचार्य कार्यालय, प्रबंधक कार्यालय और लेखा विभाग कार्यालय के दरवाजों और उनमें रखी अलमारियों को तोड़कर करीब 80 हजार की नकदी सहित करीब डेढ़ लाख की कीमत के कालेज में लगे बैटरी, सोलर प्लेट और अन्य सामान लूटकर ले गए। घायल चौकीदार को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर ले जाया गया। घटना रात के करीब डेढ़ बजे की है। बदमाशों के जाने के बाद चौकीदारों ने किसी तरह से घटना की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी। प्रबंधन ने रात में ही स्कूल में पहुंचकर घटना की जानकारी की और पुलिस को सूचना दी।
बढ़ापुर विधानसभा के पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी का धामपुर में हाईवे 74 पर सिमराह इंटर नेशनल स्कूल है। स्कूल की सुरक्षा के लिए प्रबंधन की ओर से तीन चौकीदार तैनात हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य मंसूर खान ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब डेढ़ बजे की है। स्कूल के तीनों चौकीदारों में से रसीद और बलकरन सिंह स्कूल के बरामदे में सोए थे, जबकि राजेंद्र सिंह स्कूल भवन की पहली मंजिल पर सोया था। बदमाशों ने स्कूल में घुसते ही बरामदे में सोए बलकरन और रसीद पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इनमें से रसीद को चिंताजनक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है। बदमाशों ने स्कूल में करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक लूटपाट की।
सीसीटीवी में कैद हुए चार बदमाश
सभी बदमाशों ने मुंह पर कपड़े बांध रखे थे। सीसीटीवी कैमरे में चार बदमाशों के कैद होने की पुष्टि हुई है। हालांकि बदमाशों की संख्या चार से ज्यादा बताई गई है। बदमाश कम आयु के नजर आ रहे हैं। प्रधानाचार्य के अनुसार बदमाशों ने उनके कार्यालय, एमडी कार्यालय के दरवाजों के शीशों को तोड़ दिया। लेखा विभाग कार्यालय के दरवाजों को तोड़ उसमें रखी अलमारियों के दरवाजों और तिजोरियों को भी तोड़ा गया। बताया गया कि बदमाश विद्यालय से करीब 80 हजार की नकदी, आधा दर्जन से ज्यादा स्कूल में लगे बैटरी, सोलर प्लेट सहित करीब डेढ़ लाख की कीमत का सामान चोरी कर ले गए। रात में ही प्रबंधन को घटना की जानकारी दी गई। रात में ही पूर्व विधायक मोहम्मद गाजी अन्य सदस्यों के साथ स्कूल में पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में अवगत कराया गया। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन सफलता नहीं। बृहस्पतिवार को में पुलिस ने डॉग स्क्वायर्ड की मदद से बदमाशों का पता लगाने की प्रयास किया। उधर, पुलिस ने दो चौकीदारों से घटना के बाबत पूछताछ शुरू कर दी है। कोतवाल सुधीरपाल धामा का कहना है कि रिपोर्ट कायम कर ली गई है। घटना का जल्द खुलासा करने का प्रयास होगा। सीओ महावीर सिंह राजावत का कहना है कि घटना का जल्द खुलासा होगा।
इसी तरह शेरकोट में हुई थी लूटपाट
शेरकोट में भी एक सप्ताह पहले बदमाशों ने पुलिस थाने से कुछ दूरी पर स्थित एक स्कूल के चौकीदारों को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। पुलिस ने डकैती की घटना की रिपोर्ट को चोरी में लिखकर कार्रवाई शुरू की है। एसओ का कहना है कि घटना का खुलासे के लिए टीम गठित की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।