डोली हत्याकांड का वांछित आरोपी गिरफ्तार
शेरकोट। डोली हत्याकांड के वांछित आरोपी को पुलिस ने छह माह बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने उच्चाधिकारियों से कई बार शिकायत की थी। लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा दिए फिर रहा था।
एसओ हिमांशु चौहान ने बताया कि गांव कंदला निवासी डोली का गांव के ही सतीश व नरेश ने 13 नवंबर को हमसाज होकर उस समय अपहरण कर हत्या कर दी थी, जब वो जंगल से चारा लेने गई थी। घटना के 13 दिन बाद डोली का शव उसके खेत के बगल में दूसरे खेत में पड़ा मिला था। डोली के पिता गिरधारी ने गांव के ही सतीश व नरेश को नामजद करते हुए अपहरण कर आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा कायम कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। 26 नवंबर को डोली का शव पुलिस ने गांव से ही बरामद कर लिया था। पुलिस ने अपहरण के मुकदमे को हत्या में तरमीम कर मुख्य आरोपी सतीश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। तब से नामजद दूसरा आरोपी नरेश पुत्र सोमपाल फरार चल रहा था। पुलिस छह माह से आरोपी की तलाश में खाक छान रही थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने नरेश को शेरकोट टेंपो स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को हत्या कर साक्ष्य नष्ट करने के आरोप की संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।