पुलिस ने ग्रामीणों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
नहटौर। दो पक्षों के बीच आपसी विवाद में पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने घेर लिया। हंगामा होने पर बमुश्किल पुलिस ने भागकर जान बचाई। पुलिसकर्मियों की सूचना पर थाने से अतिरिक्त पुलिस गांव में पहुंच गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा और दोनों पक्षों को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस ने पांच लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
गांव गिलाड़ा में मदन और जयपाल में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चला आ रहा है। बुधवार रात दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंचे एक दरोगा और चार सिपाहियों के सामने भी दोनों पक्ष आपस में झगड़ते रहे। पुलिस ने जैसे ही हस्तक्षेप किया, तो दोनों पक्षों ने एक होकर पुलिस की जीप को घेर लिया। दर्जनों महिलाओं के साथ कई ग्रामीण पुलिस पर हावी होने लगे। मामला बढ़ता देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस कर्मियों ने इसकी सूचना थाने में दी, जिसके बाद भारी पुलिस बल गांव में पहुंच गया और हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस मौके से महिलाओं सहित एक दर्जन लोगों को पकड़कर थाने ले आई। बाद में थाने से कुछ लोगों को छोड़ दिया गया। पुलिस ने अरुण कुमार, कुलदीप कुमार, आशाराम, जय सिंह और जयपाल का शांतिभंग में चालान कर दिया। कोतवाल अजय कुमार ने बताया कि पांच लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।