चांदपुर। नहटौर के गांव नारायण खेड़ी निवासी युवक की हत्या कर शव गांव चौधरी चौराहे के पास जंगल में फेंक दिया गया। युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस द्वारा हत्या की रिपोर्ट दर्ज नहीं करने पर परिजनों ने बिजनौर-बदायूं मार्ग पर जाम लगा दिया। एसपी सिटी दिनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की और परिजनों ने जाम खोला।
नहटौर थाना क्षेत्र के गांव नारायण खेड़ी निवासी राकेश का 25 वर्षीय पुत्र सहदेव चांदपुर के मोहल्ला सातो इमली बाजार बजरिया में कंप्यूटर पार्ट्स व रिपेयरिंग की दुकान करता था। मोहल्ले में ही वह किराए के मकान में अकेला रहता था। सोमवार की सुबह सहदेव का शव गांव चौधेंड़ी-मंसूरपुर रोड पर गांव चौधेंड़ी के चौराहे के पास ही जंगल में पड़ा मिला व शव के पास ही उसकी बाइक खड़ी थी। सुबह दौड़ लगाने वाले युवकों ने शव को देकर गांव चौधेंडी के प्रधान का सूचना दी। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने प्रधान को बताया कि युवक को गांव महमूदपुर के राजेश के यहां युवक का आनाजाना है। इसकी सूचना गांव महमूदपुर के राजेश को दी। राजेश ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान अपने भांजे सहदेव के रूप में की। प्रधान ने मामले की सूचना चांदपुर पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी स्याऊ भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सीएचसी के सामने बिजनौर-बदायूं हाईवे पर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप है कि सहदेव की हत्या कर शव को चौंधेरी चौराहे के पास जंगल में डाल दिया गया है। शव के सीने के नीचे चोट के निशान भी मिले हैं। जाम की सूचना पर सीओ अंशु जैन, एसडीएम शिशिर कुमार ने लोगों को काफी समझाया, लेकिन परिजन ने जाम नहीं खोला। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी दिनेश सिंह ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। एसपी सिटी के निर्देश पर एसएसआई सिमरजीत कौर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की।
पोस्टमार्टम हाउस पर किया परिजनों ने हंगामा
फोटो 08
बिजनौर। चांदपुर के गांव चौंधेड़ी के जंगल में नहटौर के गांव नारायण खेड़ी निवासी सहदेव का शव मिला था। परिजनों के तहरीर पर पुलिस ने 302 में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सोमवार की दोपहर तीन बजे सहदेव का पोस्टमार्टम शुरू हुआ। शाम को परिजनों के मुआवजे की मांग को लेकर जजी चौराहे पर जाम लगाने की सूचना पर कोतवाली शहर पुलिस पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गई। पुलिस व परिजनों में काफी देर तक नोकझोंक होती रही और हंगामा चलता रहा। पुलिस के काफी समझाने के बाद परिजनों ने जाम नहीं लगाया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन युवक का शव लेकर घर चले गए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पसली टूटी मिली
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सहदेव के सीने व पीठ पर निशान मिले हैं। सहदेव की पसली भी टूटी मिली है।